मारोठ थाना क्षेत्र के भीवपुरा मारपीट मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तीसरे दिन भी धरना जारी, उग्र आंदोलन की चेतावनी; पुलिस बोली जल्द होगी कार्रवाई


कुचामन सिटी वृत्त के मारोठ थाना क्षेत्र के भीवपुरा गांव के पास हुए जानलेवा हमले के 19 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। 20 अप्रैल से नावां उपखंड कार्यालय के बाहर शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा, वहीं पुलिस का दावा है कि टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।


धरने के तीसरे दिन ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए प्रशासन पर अनदेखी के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि तीन दिन से वे शांति और संयम के साथ बैठे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसी के चलते गुरुवार को उग्र प्रदर्शन की रूपरेखा बनाई गई है, जिसमें प्रशासन का पुतला बनाकर उसकी अर्थी निकाली जाएगी और उपखंड कार्यालय के सामने उसका दाह संस्कार किया जाएगा। गुरुवार को कई सामाजिक संगठन और राजनीतिक प्रतिनिधियों के भी धरने में शामिल होने की संभावना है।


ग्रामीणों ने साफ कहा है कि जब तक सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक धरना अनिश्चितकालीन जारी रहेगा।
घटना 4 अप्रैल की रात करीब 9:15 बजे की है, जब भीवपुरा निवासी शिशपाल और रामकुमार अपने वाहन से घर लौट रहे थे। आरोप है कि गांव के ही राजेंद्र लुहाच, हरेंद्र कुमार, राकेश, गजेंद्र सहित अन्य लोगों ने रास्ता रोककर शिशपाल पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में शिशपाल के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसके पैर में दो फ्रैक्चर हो गए। हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। फिलहाल शिशपाल जयपुर के अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।


ग्रामीणों का आरोप है कि 5 अप्रैल को मामला दर्ज होने और मेडिकल जांच पूरी होने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उन्होंने पुलिस पर राजनीतिक दबाव और आरोपियों को संरक्षण देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
धरने पर बैठे लोगों ने एसडीएम के माध्यम से जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और मामले में सख्त धाराएं जोड़ने की मांग की है।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

error: News 1 Rajasthan