परशुराम जन्मोत्सव पर कुचामन में भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा शहर — हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर कुचामन शहर में रविवार को सर्व विप्र समाज के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे शहर में “जय परशुराम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

जन्मोत्सव के तहत पूर्व संध्या पर न्यू कॉलोनी स्थित विप्र समाज विद्यालय में विशाल सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। सर्व ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष मनोज जोशी के निर्देशन एवं संयोजक जयप्रकाश खंडेलवाल की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों महिला-पुरुषों ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ कर श्रद्धा अर्पित की।

मीडिया प्रभारी एडवोकेट ओमप्रकाश पारीक ने बताया कि समाज के लोगों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। न्यू कॉलोनी स्थित विद्यालय परिसर से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों—स्टेशन रोड, अंबेडकर सर्किल, वेस्ट गेट, पुरानी धान मंडी, घाटी कुआं, चेजारों का मोहल्ला, नया शहर, सीकर बस स्टैंड व सीकर रोड—से होती हुई पुनः विद्यालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में डीजे और बैंड-बाजों की धुन पर युवा, महिलाएं और बच्चे नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे।

शोभायात्रा में ऊंट-घोड़े विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। समाज की बेटियां भगवान परशुराम का फरसा धारण कर सवार नजर आईं, वहीं युवा भगवा ध्वज के साथ चल रहे थे। भगवान परशुराम की सजीव झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। समापन पर विद्यालय परिसर में पूजा-अर्चना व आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।

जिलाध्यक्ष मनोज जोशी ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन सत्य, धर्म और न्याय के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी समाजबंधुओं, महिलाओं और युवाओं का आभार व्यक्त किया।

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं द्वारा जलपान की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर गिरीराज खरीट, सुरेश कुमार गौड़, अनिल धोलिका, हेमराज पारीक,विजय पारीक, मुरारी गौड़, सोनू पारीक, विमल पारीक, गिरीश जोशी, जयप्रकाश खंडेलवाल, कुंजबिहारी जोशी, भंवरलाल पारीक (लोसल), मांगीलाल शर्मा, आनंद बागड़ा, आनंद व्यास, रामवतार ओझा, अशोक बांगड़ा, मनीष कौशिक, रवि भार्गव, प्रदीप आचार्य, कमल गौड़, अनिल शर्मा, देवीलाल राजपुरोहित, अखिलेश चंद्र राय, गोविंद उपाध्याय, सुरेश सिखवाल, अनंत तिवाड़ी, कृष्ण व्यास, अमित उपाध्याय, तेजपाल पारीक, कमल कुमार पुरोहित, डॉ. दिलीप पांडिया, प्रद्युम्न शर्मा, मेघराज शास्त्री, प्रदीप जोशी, संदीप जोशी, कृष्णावतार लाटा, घनश्याम सनातनी, श्रीकांत, मुकेश सेठी, रमेश गौड़, उमेश सर्राफ सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन मौजूद रहे।

महिला मंडल अध्यक्ष मिंटू गौड़ के नेतृत्व में अलका जोशी, गरिमा उपाध्याय, सुशीला बागड़ा और राजश्री खांडल सहित सैकड़ों महिलाएं भी शोभायात्रा में शामिल हुईं, जिससे आयोजन और अधिक भव्य बन गया।

error: News 1 Rajasthan