एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट का वादा, वकीलों के लिए बीमा और मुफ्त इलाज की योजना—मकराना में मंसूर अहमद सिद्दीकी ने बताया अपना घोषणा पत्र।

राजस्थान बार काउंसिल चुनाव से पहले प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चला रहे डीडवाना निवासी पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता और वरिष्ठ अधिवक्ता मंसूर अहमद सिद्दीकी का मकराना दौरा शनिवार को चर्चा का केंद्र रहा। न्यायालय परिसर में पहुंचने पर अधिवक्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और समर्थन का भरोसा जताया।

मकराना बार काउंसिल अध्यक्ष एडवोकेट अकबर अली और सचिव मोहम्मद शरीफ चौधरी के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ता मौजूद रहे। इस दौरान सिद्दीकी ने अधिवक्ताओं से सीधा संवाद करते हुए आगामी चुनाव में समर्थन की अपील की।

मीडिया से बातचीत में सिद्दीकी ने साफ कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए लंबे समय से लंबित एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को लागू कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्वाचित होने पर इस दिशा में ठोस और तेज प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वो निर्वाचित होते है तो कई ऐसे बदलाव आपको नजर आएंगे जो पहले कभी नहीं देखे गए । इस दौरान उन्होंने वकीलों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

सिद्दीकी ने कहा किवे निर्वाचित होते हैं तो उनका प्रयास रहेगा कि बार काउंसिल के वेलफेयर फंड से सभी अधिवक्ताओं का बीमा कराया जाएगा और प्रीमियम का भुगतान भी काउंसिल द्वारा किया जाएगा।

इसके अलावा उन्होंने वकीलों के लिए सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर RGHS जैसी स्वास्थ्य योजना लागू करने की बात कही, जिससे अधिवक्ताओं को बीमारी के दौरान मुफ्त इलाज मिल सके।

सेवानिवृत्ति व्यवस्था पर भी उन्होंने बड़ा सुझाव देते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के लिए वकालत के कार्यकाल की 30 वर्ष की सेवा अवधि निर्धारित होनी चाहिए, ताकि 50 से 60 वर्ष की आयु में अधिवक्ताओं को सेवानिवृत्ति लाभ मिल सके।

युवा वकीलों को संदेश देते हुए सिद्दीकी ने कहा कि हर परिस्थिति में अपने मुवक्किल के लिए ईमानदारी और समर्पण के साथ लड़ना ही वकालत की असली पहचान है।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को होने वाले राजस्थान बार काउंसिल चुनाव को लेकर मंसूर अहमद सिद्दीकी इन दिनों पूरे प्रदेश में सक्रिय जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और उन्हें हर इलाके में, हर दौरे में प्रदेशभर के अधिवक्ता समुदाय से व्यापक समर्थन मिल रहा है।

error: News 1 Rajasthan