मकराना उप जिला अस्पताल में उद्घाटन समारोह में नजर आया सियासी विवाद , प्रोटोकॉल पर विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष ने अलग-अलग जताई नाराज़गी

मकराना शहर के उप जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर आयोजित उद्घाटन समारोह उस समय राजनीतिक विवाद का विषय बन गया, जब फीता काटने और प्रोटोकॉल को लेकर कांग्रेस विधायक जाकिर हुसैन गैसावत और भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ ने अस्पताल प्रशासन के प्रति अलग-अलग रूप से अपनी नाराज़गी जाहिर की। हालांकि दोनों नेताओं के बीच कोई सीधा टकराव नहीं हुआ, लेकिन कार्यक्रम के दौरान और बाद में बयानबाज़ी ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया।

गुरुवार को उप जिला अस्पताल में दो डायलिसिस मशीन, एक सोनोग्राफी कक्ष और दवा वितरण केंद्र का समारोहपूर्वक उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ और प्रधान सुमिता भींचर को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत से ही व्यवस्था और प्रोटोकॉल को लेकर असहज स्थिति बन गई।
विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब स्वागत और मंच संचालन के दौरान कार्यक्रम संचालक ने पहले भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ का नाम लिया और उसके बाद विधायक जाकिर गैसावत का उल्लेख किया। इसे प्रोटोकॉल के विपरीत बताते हुए विधायक ने नाराज़गी जताई।
इसके बाद उद्घाटन के दौरान विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए डायलिसिस कक्ष का फीता काट दिया।

विधायक गैसावत ने कहा कि, यह कोई पार्टी का कार्यक्रम नहीं बल्कि सरकारी कार्यक्रम है। स्थानीय विधायक होने के नाते उद्घाटन करना मेरा अधिकार है। सरकार चाहे किसी की भी हो, सरकारी कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल के अनुसार विधायक को ही उद्घाटन करना होता है।

उधर भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ ने कार्यक्रम की व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए पीएमओ डॉ. रामनिवास आंवला को खरी-खरी सुनाई और भविष्य में स्पष्ट प्रोटोकॉल के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं जैसे विषयों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वे सम्मान सबका करती है लेकिन पार्टी का और पार्टी का प्रतिनिधियों का अपमान कभी नहीं होने देगी ।

मीडिया से बातचीत में भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ ने विधायक जाकिर गैसावत पर तंज कसते हुए कहा, कि मकराना के विधायक और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जाकिर गैसावत पता नहीं क्यों मुझे देखकर असहज हो जाते हैं और बार-बार प्रोटोकॉल का हवाला देने लगते हैं। जबकि जब पहले उनकी सरकार थी और वे खुद जिलाध्यक्ष थे, उस समय मकराना में भाजपा के विधायक थे, तब इन्हें कहीं भी प्रोटोकॉल नजर नहीं आता था।

बाद में सोनोग्राफी कक्ष और दवा वितरण केंद्र का भी उद्घाटन कर कार्यक्रम संपन्न किया गया। इस दौरान डॉ. प्रदीप शर्मा, जे.के. इंदौरा, दिलीप सिंह चौहान, गिरधर पलोड़, बिरधाराम नायक, शराफत खत्री, कपिल तोषनीवाल, देवेश स्वामी, अरशद चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मीडिया से रूबरू हुए विधायक जाकिर गैसावत ने कहा कि वे 10 साल से कांग्रेस के जिलाध्यक्ष है लेकिन प्रोटोकॉल का पालन करते है ,भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ हमारी छोटी बहन है बेटी है, हम उनका सम्मान करते हैं लेकिन उन्हें भी प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए

गौरतलब है कि मकराना विधानसभा क्षेत्र में उद्घाटन और प्रोटोकॉल को लेकर विवाद कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी एक कार्यक्रम में राज्य मंत्री मंजू बाघमार की मौजूदगी में विधायक जाकिर हुसैन गैसावत और पूर्व विधायक श्रीराम भींचर के बीच मंच से तीखी टिप्पणियां सामने आ चुकी हैं। ऐसे में एक बार फिर सरकारी कार्यक्रम में उपजा यह विवाद मकराना की राजनीति में सियासी तल्खी को उजागर करता नजर आया।

error: News 1 Rajasthan