नववर्ष पर नावां की जनता को बड़ी राहत मिली है। उप जिला चिकित्सालय के भूमि आवंटन और भवन निर्माण को लेकर लंबे समय से चल रहे विरोध और असंतोष के बीच अब यह स्पष्ट हो गया है कि नावां उप जिला चिकित्सालय का नया भवन शहर के मध्य, आईटीआई कॉलेज और मुख्य बस स्टैंड के समीप ही बनाया जाएगा। राज्य सरकार में राजस्व राज्य मंत्री एवं नावां विधायक विजय सिंह चौधरी ने इस संबंध में प्रेस बयान जारी कर जानकारी देते हुए इसे जनता की भावनाओं और जरूरतों के अनुरूप लिया गया निर्णय बताया है।

नववर्ष पर जनता को बड़ी सौगात
राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने नववर्ष के पावन अवसर पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नावां उप जिला चिकित्सालय भवन की भूमि का चयन एक बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती थी। उन्होंने बताया कि आमजन, गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों से व्यापक विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि अस्पताल का नया भवन नावां शहर के मध्य ही बने, ताकि हर वर्ग के नागरिकों को सुलभ और समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
आईटीआई कॉलेज और बस स्टैंड के पास बनेगा नया उप जिला चिकित्सालय
जिला कलेक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत ने बताया कि राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी के निर्देशों के मुताबिक उप जिला चिकित्सालय के लिए आईटीआई कॉलेज और मुख्य बस स्टैंड के समीप भूमि का चयन कर लिया गया है। यह स्थान शहर के बीच होने के कारण आमजन, गरीबों, बुजुर्गों, महिलाओं और आपातकालीन मरीजों के लिए अत्यंत सुविधाजनक रहेगा। उन्होंने इसे जनता के संघर्ष, धैर्य, विश्वास और एकजुटता का परिणाम बताया।

निर्देश जारी, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
राज्य मंत्री ने जानकारी दी कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं और उप जिला चिकित्सालय भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका दीर्घकालिक लाभ मिल सके।
2026 में अधूरे कार्यों को पूरा करना प्राथमिकता
राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि वर्ष 2026 में करोड़ों रुपये के क्षेत्र में लंबित और उलझे हुए स्वीकृत विकास कार्यों का शिलान्यास कर उन्हें पूरा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इससे न केवल बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

जनता से सहयोग की अपील
राज्य मंत्री ने सभी क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सहयोग और सकारात्मक सहभागिता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वे सदैव जनता के बीच उपलब्ध रहेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
लंबे विरोध के बाद बदला फैसला
गौरतलब है कि इससे पहले उप जिला चिकित्सालय के लिए नावां से करीब 8 किलोमीटर दूर भूमि आवंटित किए जाने के बाद शहर में लगातार विरोध हो रहा था। विभिन्न समाजों और संगठनों ने मुख्यमंत्री और सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर अस्पताल को शहर की सीमा में ही बनाने की मांग उठाई थी। जैन समाज सहित कई सामाजिक संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी तक दी थी। अब राज्य मंत्री के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल भवन को शहर के मध्य बनाए जाने का निर्णय सामने आने से जनता ने राहत की सांस ली है।
