‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत कार्रवाई, खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए अजमेर भेजे जाएंगे, रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
कुचामन सिटी त्योहारों के सीजन में खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के दिशा-निर्देशों की पालना में संचालित ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत शनिवार को कुचामन शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने D MART सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत शनिवार को कुचामन के विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए हैं। इन नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला में भेजा जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान श्री यादें मिष्ठान भंडार, D MART सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने मौके से लड्डू, रसगुल्ला, खुरमानी,केक, मावा पेड़ा, खुरमा, गुलाब जामुन और अचार के नमूने लिए। विभाग की ओर से लगातार खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उनकी जांच करवाई जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं से भी की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें। उपभोक्ता केवल लाइसेंसधारी अथवा विश्वसनीय विक्रेताओं से ही खाद्य पदार्थ खरीदें। पैक्ड खाद्य सामग्री लेते समय पैकेजिंग की तारीख, उपयोग की अंतिम तारीख और अन्य जरूरी जानकारी अवश्य जांच लें।

ये अधिकारी रहे टीम में शामिल
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल चौधरी, इरशाद खान एवं मधु यादव टीम में शामिल रहे।
