दो माह से वेतन और दो साल से पीएफ का इंतजार, सफाई ठेकाकर्मियों ने किया कार्य बहिष्कार

दो दिन में मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, आयुक्त के आश्वासन पर काम पर लौटे कर्मचारी

कुचामन सिटी । नगर परिषद के सफाई ठेकाकर्मियों ने समय पर वेतन नहीं मिलने और लंबे समय से पीएफ (भविष्य निधि) जमा नहीं होने के विरोध में शुक्रवार को कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। नाराज कर्मचारी पहले बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और वहां विरोध जताने के बाद सामूहिक रूप से नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों के समक्ष रोष प्रकट किया।

प्रेम चंदेलिया ने बताया कि नगर परिषद के वार्ड संख्या 30 की पार्षद पूनम चंदेलिया के नेतृत्व में सफाई ठेकाकर्मी नगर परिषद पहुंचे और आयुक्त शिकेश कांकरिया को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है, वहीं करीब दो वर्षों से अधिक समय का पीएफ भी जमा नहीं कराया गया है। इसके चलते उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने बताया कि इससे पहले भी समय पर वेतन नहीं मिलने की शिकायत नगर परिषद कार्यालय में की गई थी। उस दौरान समय पर भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर वेतन और पीएफ से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

वहीं, सफाईकर्मियों के कार्य बहिष्कार की सूचना मिलने पर नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वेतन और पीएफ का भुगतान नहीं होने के कारणों की जानकारी लेकर समस्या का शीघ्र समाधान करवाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कुछ कर्मचारियों को पीएफ जमा होने की पर्चियां भी दिखाई।
आयुक्त के आश्वासन के बाद सफाईकर्मी काम पर लौट गए, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि ज्ञापन में उठाई गई मांगों का समय पर समाधान नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को मजबूर होंगे।

error: News 1 Rajasthan