कुचामन पुलिस की कार्रवाई को पुलिस मुख्यालय की सराहना, ‘बेस्ट पुलिस वर्क ऑफ द वीक’ में मिली जगह

भागवत कथा की कलश यात्रा में जेवर तोड़ने वाली गैंग की 28 महिलाओं की गिरफ्तारी सप्ताह के पांच सफलता सूत्रों में शामिल

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने पुलिस टीम का बढ़ाया हौसला

कुचामनसिटी। भागवत कथा की कलश यात्रा में श्रद्धालुओं के सोने-चांदी के आभूषण तोड़ने वाली गैंग की 28 महिलाओं को गिरफ्तार करने की कुचामन पुलिस की कार्रवाई को पुलिस मुख्यालय ने बड़ी उपलब्धि माना है।

राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अक्टूबर के दूसरे सप्ताह के ‘बेस्ट पुलिस वर्क ऑफ द वीक’ में शामिल किया है। साथ ही, कुचामन पुलिस की इस सफलता को सप्ताह की पांच प्रमुख सफलता कहानियों में जगह दी गई है। धार्मिक आयोजन में सक्रिय आभूषण चुराने वाली गैंग के खिलाफ त्वरित कार्रवाई को पुलिस मुख्यालय ने अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के उदाहरण के रूप में सराहा है।

कलश यात्रा में श्रद्धालुओं को बनाया था निशाना

बीते 12 अक्टूबर 2026 को कुचामन सिटी थाना क्षेत्र में शिव मंदिर से उगरपुरा तक भागवत कथा की कलश यात्रा निकाली गई थी। इस दौरान भीड़ में शामिल महिलाओं के गले से सोने-चांदी के आभूषण तोड़ने की घटनाएं सामने आईं। पीड़ित महिलाओं के चेन, मादलिया और कंठी जैसे आभूषण निशाना बनाए गए।
मामले की जानकारी मिलने पर कुचामन पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 महिलाओं को गिरफ्तार किया।

इनमें वारदात को अंजाम देने वाली चार मुख्य महिलाएं भी शामिल बताई गईं। पुलिस की इस कार्रवाई से धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं के आभूषणों को निशाना बनाने वाले गिरोह के खिलाफ प्रभावी कदम उठाया गया।

एसपी के निर्देशन में टीम ने की कार्रवाई

कुचामन पुलिस की इस सफलता में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान का निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा का मार्गदर्शन और थानाधिकारी राजेंद्र खदाव के नेतृत्व में पुलिस टीम की कार्रवाई अहम रही।

पुलिस मुख्यालय की ओर से इस कार्रवाई को राज्य स्तर पर सराहना मिलना जिला पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

सप्ताह की पांच प्रमुख सफलताओं में शामिल हुई कार्रवाई

राजस्थान पुलिस मुख्यालय की ओर से अक्टूबर के दूसरे सप्ताह की पांच प्रमुख सफलता कहानियों का चयन किया गया। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने इन कार्रवाइयों की सराहना करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों और जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य पूरे पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हैं और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करते हैं।

अन्य प्रमुख सफलताओं में जयपुर पश्चिम में हाई-टेंशन पोल पर करंट से झुलसे युवक को बचाने वाले कांस्टेबल का साहसिक कार्य, जयपुर उत्तर में फर्जी लोन घोटाले के दो इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी, सीकर में ज्वैलर्स से डकैती के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी तथा टोंक के निवाई में करीब 50 लाख रुपये के अवैध पटाखे जब्त करने की कार्रवाई शामिल है।

डीजीपी ने पुलिसकर्मियों का बढ़ाया हौसला

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस का प्रत्येक जवान जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिसकर्मी इसी समर्पण, साहस और संवेदनशीलता के साथ काम करते रहेंगे और उनकी उपलब्धियां अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा बनेंगी।

कुचामन पुलिस की कार्रवाई को पुलिस मुख्यालय से मिली यह सराहना जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय नहीं, बल्कि राज्य स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखी जा रही है।

error: News 1 Rajasthan