नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नावां पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 662 ग्राम अवैध गांजा पकड़ा, एक आरोपी डिटेन

मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाया जा रहा सघन अभियान

नावां सिटी। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत डीडवाना – कुचामन जिले की नावां पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 662 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को डिटेन किया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत पुलिस क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

नावां थानाधिकारी सुरेश कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस ने खटीकों का मोहल्ला स्थित माहेश्वरी भवन रोड के पास कार्रवाई करते हुए रमेश कुमार पुत्र उगमाराम, उम्र 32 वर्ष, निवासी खटीक मोहल्ला, नावां शहर को डिटेन किया।

आरोपी के कब्जे से 662 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की ओर से विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

आगामी दिनों में भी जारी रहेगा अभियान

कुचामन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत की जा रही कार्रवाई को मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

इस पुलिस टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हजारी लाल, सहायक उपनिरीक्षक बजरंग लाल, हेड कांस्टेबल प्रियांक तथा कांस्टेबल जितेंद्र, संदीप और राजेश शामिल रहे। पुलिस टीम ने अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा बरामद किया और आरोपी को डिटेन किया।

error: News 1 Rajasthan