‘स्वच्छ डीडवाना, स्वच्छ भारत’ अभियान का पहला चरण पूरा, अब नगर परिषद को पूरी क्षमता से मैदान में उतरने का संदेश

विधायक यूनुस खान बोले—‘टीम डीडवाना तैयार है, अब संसाधन और कार्मिक उपलब्ध कराकर अभियान को गति दे नगर परिषद’


डीडवाना। शहर को स्वच्छ बनाने के संकल्प के साथ शुरू किए गए ‘स्वच्छ डीडवाना, स्वच्छ भारत’ अभियान का प्रथम चरण गुरुवार को वार्ड संख्या 19, 22 और 30 में सफाई अभियान के साथ संपन्न हुआ। अभियान के दौरान पिछले चार दिनों में सिंगी तलाई तिराहा, साल्ट रोड, सिंगी बालाजी मंदिर परिसर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सर्किल और मोहल्ला सैय्यदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई की गई। इस दौरान सफाई के साथ आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।
अभियान के समापन पर विधायक यूनुस खान ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था और संसाधनों को लेकर सवाल उठाए। वहीं सभापति भंवरलाल पंवार ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की बात कही।


विधायक यूनुस खान बोले—‘टीम डीडवाना तैयार, अब नगर परिषद को पूरी क्षमता से काम करना होगा’


विधायक यूनुस खान ने कहा कि अभियान के पहले चरण में शहर की सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आई है। कई स्थानों पर सफाई के दौरान झाड़ू, तगारी-पावड़ा और अन्य आवश्यक संसाधनों की कमी महसूस हुई। पर्याप्त संसाधनों और कार्मिकों के अभाव में बड़े स्तर पर सफाई अभियान को प्रभावी ढंग से चलाना मुश्किल है।
उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छ डीडवाना’ का सपना तभी पूरा होगा, जब नगर परिषद का पूरा तंत्र संसाधनों और पर्याप्त कार्मिकों के साथ पूरी क्षमता से काम करे।


खान ने कहा कि पिछले वर्षों में नगर परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। अब अधिकारियों और कर्मचारियों को प्राथमिकता के साथ जनता के काम करने होंगे। उन्होंने बताया कि नगर परिषद आयुक्त को वीडियो कॉल के माध्यम से शहर की सफाई व्यवस्था की स्थिति के वीडियो भी दिखाए गए थे।
विधायक ने कहा कि दूसरे चरण की शुरुआत से पहले सभापति भंवरलाल पंवार और पार्षदों की नगर परिषद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक होगी। इसमें सफाई व्यवस्था, संसाधनों और कार्मिकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।


सभापति भंवरलाल पंवार बोले—‘अधिकारियों-कर्मचारियों से बेहतर सहयोग की उम्मीद’


नगर परिषद सभापति भंवरलाल पंवार ने कहा कि फिलहाल नगर परिषद के आयुक्त एवं कर्मचारियों की ओर से अभियान को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ समय इंतजार किया जाएगा और उम्मीद है कि अधिकारी एवं कर्मचारी जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा और लगन से काम करेंगे।
सभापति ने कहा कि डीडवाना को स्वच्छ बनाने के लिए केवल जनप्रतिनिधियों का प्रयास पर्याप्त नहीं है। नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी और आमजन भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, तभी इसका स्थायी परिणाम सामने आएगा।
उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में अभियान को और व्यवस्थित एवं व्यापक बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जाएंगी।


वार्ड 22 के पार्षद महफूज अली ने भी अभियान में सहभागिता की । पार्षद महफूज अली ने अभियान में सहभागिता करते हुए सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।


।
पहले चरण में कई इलाकों में चला सघन सफाई अभियान
चार दिवसीय अभियान के दौरान टीम डीडवाना ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। सिंगी तलाई तिराहा, साल्ट रोड, सिंगी बालाजी मंदिर परिसर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सर्किल और मोहल्ला सैय्यदान सहित कई स्थानों पर कचरा और गंदगी हटाई गई।
अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक करना भी रहा।


अब दूसरे चरण की तैयारी


विधायक यूनुस खान ने कहा कि प्रथम चरण से मिले अनुभवों के आधार पर अब अभियान के दूसरे चरण की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छ डीडवाना, स्वच्छ भारत’ किसी एक व्यक्ति का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे शहर का अभियान है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद के अधिकारियों-कर्मचारियों और आमजन से मिलकर काम करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही डीडवाना को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


ये रहे मौजूद


अभियान में नगर परिषद सभापति भंवरलाल पंवार, पार्षद कयामुद्दीन कुरैशी, बजरंग पंवार, महफूज अली, राहुल रूवटिया, आदिल कुरैशी, असलम रंगरेज, लक्ष्मी सैनी, मुन्नी बेगम, शाहिद खत्री सहित सदीक खां, हीरालाल सोलंकी, सुरेश तंवर, शंकरलाल सैनी, बिन्दु सामरिया, विक्रम भाट, फरमान खान, ओमप्रकाश सैनी, शाहीन बानो, रामस्वरूप जांगीड़, नवाब अली, नेहा गौड़, सुरजमल दैया, भंवरलाल सोनी, युसुफ कुरैशी सहित बड़ी संख्या में शहरवासी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: News 1 Rajasthan