नावां। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कविता मोरवाल ने जीत दर्ज कर पालिका अध्यक्ष का पद हासिल किया। मतगणना में कविता मोरवाल को 16 वोट, जबकि भाजपा प्रत्याशी पूजा कुमारी को 9 वोट मिले। इस तरह कविता मोरवाल ने 7 वोट के अंतर से जीत दर्ज की।
परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। समर्थकों ने नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष कविता मोरवाल का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी।
जीत पर महेंद्र चौधरी ने दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस की जीत के बाद पूर्व उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी ने भी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष कविता मोरवाल को बधाई दी। उन्होंने इस जीत को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मेहनत का परिणाम बताया।
वहीं, नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष कविता मोरवाल ने जीत के बाद सभी पार्षदों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पालिका क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
