कुचामन सिटी। लायंस चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में सीता देवी सत्यनारायण काबरा चैरिटेबल सोसायटी के सौजन्य से रामजीवन काबरा रोग निदान केंद्र में रविवार को निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में जयपुर के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील जैन ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर में कुल 63 मरीजों ने चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया। मरीजों की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं। इनमें एचबीए1सी की 24, लिपिड प्रोफाइल की 2, सीबीसी की 6, ब्लड शुगर की 7, क्रिएटिनिन की 4, एसजीओटी की 1, एसजीपीटी की 1, ईसीजी की 26 तथा एक्स-रे की 2 जांचें शामिल रहीं। इसके अलावा आयरन प्रोफाइल, टीएसएच, वी.डी.आर.एल., विटामिन-डी3 सहित अन्य आवश्यक जांचें भी मरीजों की जरूरत के अनुसार की गईं।
बढ़ते हृदय रोग को लेकर डॉ. सुनील जैन ने किया जागरूक
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील जैन ने कहा कि वर्तमान समय में हृदय रोग के मामले लगातार देखने को मिल रहे हैं। बदलती जीवनशैली, खान-पान में अनियमितता, शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव, मधुमेह, ब्लड प्रेशर और बढ़ता मोटापा हृदय रोग के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हृदय रोग से बचाव के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, तनाव कम करना तथा ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच जरूरी है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार के हृदय संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।
शिविर में कुचामन सिटी के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी मरीज जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के लिए पहुंचे।
लायंस क्लब चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से समय-समय पर जरूरतमंद लोगों के लिए चिकित्सा संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं।
वहीं लायंस क्लब सचिव लॉयन संजय रावका ने बताया कि शिविर में मरीजों की सुविधा के लिए जांच से लेकर चिकित्सकीय परामर्श तक की व्यवस्थाएं की गईं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरत के अनुसार ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
शिविर की व्यवस्थाओं में लायन चेतन खालड़का, ट्रस्ट सचिव लायन अशोक काला, लायन अंकित पांड्या एवं लायन सचिव संजय रावका ने सहयोग किया।
