कुचामन में सभापति चुनाव में अब भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला, निर्दलीय मोहम्मद नासिर ने वापस लिया नामांकन,चार पार्षदों ने ली शपथ

सभापति चुनाव में महेश रामचंद्रका बनाम आरिफ खान, 21 सितंबर को होगा सभापति की कुर्सी का फैसला

कुचामन सिटी। नगर परिषद सभापति चुनाव को लेकर चल रही सियासी तस्वीर अब और साफ हो गई है। सभापति पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल करने वाले मोहम्मद नासिर ने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। नासिर की नाम वापसी के बाद अब कुचामन नगर परिषद के सभापति पद के लिए मुकाबला भाजपा प्रत्याशी महेश रामचंद्रका और कांग्रेस प्रत्याशी आरिफ खान के बीच सीधा हो गया है।

मोहम्मद नासिर के नामांकन वापस लेने के पीछे राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी आरिफ खान के समर्थन में अपना नामांकन वापस लिया है। हालांकि, नासिर की ओर से नाम वापसी के कारण को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।

कुचामन नगर परिषद में कुल 45 वार्ड हैं। चुनाव परिणाम में कांग्रेस को 17, भाजपा को 15 और निर्दलीयों को 13 सीटें मिली हैं। बहुमत के लिए 23 पार्षदों का समर्थन जरूरी है।

महेश रामचंद्रका बनाम आरिफ खान, अब सीधी टक्कर

निर्दलीय प्रत्याशी नासिर की नाम वापसी के बाद सभापति चुनाव का समीकरण अब दो प्रमुख प्रत्याशियों के बीच सिमट गया है। भाजपा ने निर्दलीय के रूप में चुनाव जीतने वाले महेश रामचंद्रका को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व सभापति आसिफ खान के भाई आरिफ खान को मैदान में उतारा है।

अब दोनों दल अपने-अपने समर्थक पार्षदों के साथ-साथ निर्दलीय पार्षदों के समर्थन को लेकर रणनीति बना रहे हैं। 45 सदस्यीय परिषद में किसी भी दल के पास अपने दम पर बहुमत नहीं है, ऐसे में निर्दलीय पार्षदों का समर्थन चुनावी गणित में महत्वपूर्ण बना हुआ है। सभापति पद के लिए मतदान 21 सितंबर को निर्धारित है।

चार और नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली शपथ

इधर, कुचामन नगर परिषद में पार्षद पद पर निर्वाचित चार और नवनिर्वाचित पार्षदों ने शुक्रवार को रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय पहुंचकर शपथ ली।

रिटर्निंग अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि निर्दलीय पार्षद कमल सोनी, राजूराम सुनीता और योगेश शर्मा को नियमानुसार पार्षद पद की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही नवनिर्वाचित पार्षदों की शपथ ग्रहण प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

आरओ सुरेंद्र सिंह चौधरी के अनुसार, चुनाव में निर्वाचित पार्षदों को नियमानुसार शपथ दिलाई जा रही है और शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वे नगर परिषद सभापति चुनाव प्रक्रिया में विधिवत हिस्सा ले सकेंगे।

अब 21 सितंबर पर नजर


मोहम्मद नासिर की नाम वापसी के साथ कुचामन सभापति चुनाव में अब भाजपा के महेश रामचंद्रका और कांग्रेस के आरिफ खान आमने-सामने हैं। दोनों दलों के पास बहुमत से कम सीटें होने के कारण अब नजरें उन पार्षदों पर हैं, जिनका समर्थन सभापति चुनाव के अंतिम समीकरण को प्रभावित कर सकता है ।

error: News 1 Rajasthan