कुचामन में पहली बार होगा ऑल इंडिया छीपा समाज का इजलास, 26-27 सितम्बर को हो रहे आयोजन में प्रतिभाओं का भी होगा सम्मान


देशभर से जुटेंगे छीपा समाज के प्रतिनिधि, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मिलेगा ‘एजुकेशन अवार्ड 2026’


कुचामन सिटी। छीपा समाज के इतिहास में कुचामन सिटी में पहली बार एक बड़े राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का आयोजन होने जा रहा है। ऑल इंडिया छीपा समाज का इजलास एवं प्रतिभा सम्मान समारोह 26 और 27 सितम्बर 2026 को कुचामन सिटी में आयोजित होगा। दो दिवसीय इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से छीपा समाज के प्रतिनिधि, समाजजन और बुद्धिजीवी शामिल होंगे।

आयोजन के प्रथम दिन 26 सितम्बर को ‘एजुकेशन अवार्ड 2026’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छीपा समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। वहीं 27 सितम्बर को ऑल इंडिया छीपा समाज का इजलास आयोजित होगा, जिसमें समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों, वर्तमान परिस्थितियों और समाज के भविष्य को लेकर चर्चा की जाएगी।


शुक्रवार रात्रि को कुचामन शहर स्थित छीपा समाज जमातखाना में आयोजन से जुड़े पोस्टर का विमोचन किया गया। इस दौरान आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।


26 सितम्बर को होगा एजुकेशन अवार्ड 2026


आयोजन समिति से जुड़े मोहम्मद सलीम राव के अनुसार एजुकेशन अवार्ड 2026 का आयोजन 26 सितम्बर, शनिवार को शाम 6 बजे से सरला बिड़ला कल्याण मंडपम, कुचामन सिटी में किया जाएगा।
सम्मान समारोह में वर्ष 2025-26 में विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। पात्र विद्यार्थियों के लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के आधार पर सम्मान की व्यवस्था की गई है। इसमें NEET, JEE, CA-CPT, CUET सहित अन्य प्रमुख परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 15 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है।

डॉ. मोहम्मद सलीम राव ने कहा कि समाज की प्रगति में शिक्षा की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी उद्देश्य से एजुकेशन अवार्ड 2026 का आयोजन किया जा रहा है, ताकि उत्कृष्ट परिणाम देने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान मिलने से अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।


27 सितम्बर को ऑल इंडिया छीपा समाज का इजलास


दो दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन 27 सितम्बर, रविवार को सुबह 10 बजे से नर्बदा गार्डन, स्टेशन रोड, कुचामन सिटी में ऑल इंडिया छीपा समाज का इजलास आयोजित किया जाएगा।
इस इजलास में देश के विभिन्न हिस्सों से समाज के प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है। बैठक में समाज की वर्तमान स्थिति, सामाजिक एकता, शिक्षा, नई पीढ़ी के भविष्य और समाज के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

आयोजन समिति से जुड़े डॉ. शकील अहमद राव ने कहा कि दो दिवसीय आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि समाज को एक मंच पर जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। इजलास के माध्यम से समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा, वहीं प्रतिभा सम्मान समारोह नई पीढ़ी को आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।


कुचामन में पहली बार हो रहा राष्ट्रीय स्तर का आयोजन


आयोजन समिति से जुड़े संरक्षक अब्दुल हमीद मौलानी ने कहा कि कुचामन सिटी के लिए यह गर्व की बात है कि पहली बार छीपा समाज का इतना बड़ा राष्ट्रीय स्तर का आयोजन यहां आयोजित हो रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से समाज के प्रतिनिधियों का कुचामन पहुंचना समाज की एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करेगा। उन्होंने समाज के लोगों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।

समाज की मजबूती के लिए आपसी एकता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता जरूरी – डॉ इशाक देवड़ा



आयोजन समिति से जुड़े डॉ. इशाक देवड़ा ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए आपसी एकता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता जरूरी है। ऑल इंडिया छीपा समाज के इजलास में देशभर के प्रतिनिधियों के अनुभव और विचारों का लाभ मिलेगा तथा समाज के भविष्य को लेकर सकारात्मक दिशा में चर्चा होगी। उन्होंने अधिक से अधिक समाजबंधुओं से दोनों कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।


पोस्टर विमोचन के दौरान उपस्थित समाजबंधुओं ने आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। आयोजन समिति ने बताया कि 26 और 27 सितम्बर को होने वाले दोनों कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और देशभर के समाज प्रतिनिधियों को आयोजन की जानकारी भेजी जा रही है।

error: News 1 Rajasthan