सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा कुचामन
अलसुबह से मंदिरों में लगी श्रद्धालुओं की कतारें, जलाभिषेक कर मांगी सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की दुआ
कुचामन सिटी। सावन माह के दूसरे सोमवार को कुचामनसिटी भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आया। शहर के प्रमुख शिवालयों में अलसुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।

शहर की पुरानी धान मंडी स्थित प्रसिद्ध महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। महिलाओं, पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे और युवा भी भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा, भांग और पुष्प अर्पित कर भोलेनाथ का अभिषेक किया। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।
भोले की भक्ति में रंगा मासूम लावेश
सावन सोमवार पर नन्हे श्रद्धालु लावेश जोशी भी भगवान भोलेनाथ की भक्ति में डूबे नजर आए। मासूम लावेश ने भोले बाबा के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें भगवान शिव की पूजा करना बहुत अच्छा लगता है ,उन्होंने कहा कि बाबा भोलेनाथ सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और हर किसी के घर में सुख-शांति रहे।

लावेश की भोलेनाथ के प्रति मासूम आस्था ने मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं का भी ध्यान आकर्षित किया। हाथों में पूजा सामग्री लेकर भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे लावेश में शिवभक्ति का खास उत्साह दिखाई दिया।
महिलाओं ने रखा व्रत, युवाओं और बच्चों में भी दिखा उत्साह
सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर महिलाओं ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा कर व्रत रखा। महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर भोलेनाथ से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं युवाओं और बच्चों में भी भगवान शिव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार किया गया। बेलपत्र, धतूरा, भांग, फूलों और अन्य पूजन सामग्री से शिवलिंग का पूजन किया गया। श्रद्धालुओं का कहना था कि सावन के सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने से मन को विशेष शांति मिलती है और भोलेनाथ अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं।
सुबह से शुरू हुआ शिवालयों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पूरे शहर में सावन सोमवार की भक्ति और धार्मिक उल्लास का वातावरण नजर आया।
