कुचामन में चाकूबाजी के बाद नया मोड़: अब नामजद आरोपी पर युवती को भगाने का आरोप



कुचामन सिटी। कुचामन शहर में युवक पर चाकू से हमले के मामले में नया मोड़ सामने आया है। बानूड़ा स्कूल के पास 3 अगस्त की रात 18 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला करने के आरोप में नामजद किए गए पवन कुमावत के खिलाफ अब एक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की आशंका जताते हुए शिकायत दी गई है। युवती 5 अगस्त की दोपहर घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। पुलिस ने युवती के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


वहीं चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं के साथ SC/ST एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच मकराना सीओ विक्की नागपाल को सौंपी है।


बानूड़ा स्कूल के पास 10-12 युवकों ने रास्ता रोका


पुलिस को दी रिपोर्ट में गणेश डूंगरी मार्ग निवासी राजेश (18) पुत्र देवीलाल ढोली ने बताया कि 3 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह अपने साथी असलम के साथ मजदूरी करने के बाद सब्जी मंडी से सब्जी लेकर घर लौट रहा था।


राजेश के अनुसार बानूड़ा स्कूल के पास पीछे से 5-6 मोटरसाइकिलों पर करीब 10-12 युवक आए और उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान पवन कुमावत पुत्र गोपाल कुमावत, निवासी शिवजी मंदिर के पास, कुचामन सिटी ने चाकू निकालकर राजेश पर हमला कर दिया। चाकू के वार से राजेश के सिर और शरीर पर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे असलम के हाथ पर भी चाकू लगने से चोट आने की बात रिपोर्ट में कही गई है।
घटना के बाद असलम और सोनू दोनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया गया। पुलिस के अनुसार राजेश का मेडिकल 3 अगस्त को ही कराया जा चुका था।


डर के कारण दो दिन बाद थाने पहुंचा युवक


राजेश ने पुलिस को बताया कि उसके पिता और चाचा वाहन चलाने के काम से बाहर गए हुए थे। वहीं आरोपितों के डर के कारण वह तत्काल पुलिस थाने नहीं पहुंच सका। इसके बाद 5 अगस्त को पिता और चाचा के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 189(2), 126(2), 115(2) तथा SC/ST एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। प्रकरण की जांच मकराना सीओ विक्की नागपाल को सौंपी गई है।

5 अगस्त को युवती घर से निकली, वापस नहीं लौटी


इधर, चाकूबाजी के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के अगले दिन यानी 5 अगस्त को एक 19 वर्षीय युवती के घर से लापता होने का मामला सामने आया।
युवती की मां की ओर से 6 अगस्त को पुलिस थाने में दी गई रिपोर्ट के अनुसार उनकी पुत्री 5 अगस्त को दोपहर करीब 2.30 बजे घर से बिना बताए चली गई। परिजनों के मुताबिक घर से निकलते समय वह करीब 50 हजार रुपये नकद और जेवरात लेकर गई थी।
परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आशंका जताई कि पवन कुमावत पुत्र गोपाल कुमावत, निवासी शिव मंदिर के पास, बारिया रोड, कुचामन सिटी युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।


ब्राउन टी-शर्ट और ब्लैक पायजामा में निकली थी युवती


परिजनों ने पुलिस को युवती के हुलिए की जानकारी भी दी। रिपोर्ट के अनुसार घर से निकलते समय युवती ने ब्राउन रंग की टी-शर्ट और ब्लैक रंग का पायजामा पहन रखा था। उसके पास मोबाइल फोन नहीं होने की बात भी पुलिस को बताई गई है।
पुलिस ने फिलहाल युवती के लापता होने के संबंध में एमपीआर दर्ज कर जांच एएसआई शंकरलाल को सौंपी है। पुलिस युवती की तलाश के साथ उसके घर से निकलने के बाद की जानकारी जुटा रही है।


एक ही युवक का नाम सामने आने से बढ़ी पुलिस की पड़ताल


चाकू से हमले की घटना में नामजद किए गए युवक का नाम ही युवती के लापता होने की शिकायत में सामने आने के बाद पुलिस के सामने घटनाक्रम की कई कड़ियों की पड़ताल का सवाल है। हालांकि दोनों मामलों के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह अभी जांच का विषय है।
पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सीओ विक्की नागपाल बोले- तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई


मामले के जांच अधिकारी विक्की नागपाल, आरपीएस एवं सीओ मकराना ने बताया कि युवक पर चाकू से हमला करने की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट सहित उपलब्ध तथ्यों की जांच की जा रही है। घटना में शामिल बताए गए सभी लोगों की भूमिका और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।


उन्होंने बताया कि युवती के लापता होने के संबंध में भी अलग से रिपोर्ट दर्ज है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दोनों मामलों में जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: News 1 Rajasthan