मेड़ता सिटी। श्री चारभुजानाथ मंदिर ट्रस्ट की बैठक रविवार को मंदिर परिसर में वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रतापसिंहजी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। ट्रस्ट अध्यक्ष के कार्यवश उपस्थित नहीं हो पाने पर बैठक का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने किया। बैठक में आगामी 18 से 25 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले मीरा महोत्सव की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं सफल संचालन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सभी ट्रस्टियों एवं उपस्थित सदस्यों की सहमति से महोत्सव के सफल आयोजन के लिए एक संचालन समिति का गठन किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष मीरा महोत्सव को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक दृष्टि से अधिक भव्य और व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। आयोजन में अधिकाधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा विभिन्न समितियों के माध्यम से जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने पर भी सहमति बनी।
मुकेश जोशी बने कार्यकारी अध्यक्ष
सर्वसम्मति से गठित मीरा महोत्सव समिति में श्री जलापसिंहजी (बड़वा) को संरक्षक, मुकेश जोशी को कार्यकारी अध्यक्ष, शिवराज चौधरी को उपाध्यक्ष, धनसिंह राठौड़ को महामंत्री (सचिव) तथा घनश्याम डालिया को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा महोत्सव की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय भी लिया गया।

कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश जोशी ने कही यह बात
नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश जोशी ने सभी ट्रस्टियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीरा महोत्सव मेड़ता की आस्था, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है। सभी के सहयोग, समर्पण और सामूहिक प्रयास से इस वर्ष महोत्सव को पहले से अधिक भव्य, अनुशासित और यादगार बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था पारदर्शिता और बेहतर समन्वय के साथ की जाएगी तथा शहरवासियों और श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी से मीरा महोत्सव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने सभी समाजबंधुओं, धर्मप्रेमियों एवं युवाओं से आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग करने और मीरा महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान भी किया।

तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक में महोत्सव के दौरान होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, शोभायात्रा, अतिथि स्वागत, मंच व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर समयबद्ध तैयारियां शुरू करने का निर्णय लिया गया।
ये रहे उपस्थित
बैठक में मुकेश जोशी, धनसिंह राठौड़, घनश्याम डालिया, प्रशांत अबोटी, दशरथ सारस्वत, त्रिभुवन जोशी, नारायण पारीक, दिलीप जोशी, सी.पी. पुजारी, नरसिंह व्यास, भगवती प्रसाद, जबरचंद, दाऊलाल व्यास, महेश पुरबिया, हिमांशु, कृष्णकांत तथा गौरव बोहरा सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक का समापन मीरा महोत्सव को सफल, भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
