नावां शहर। शहर के पुराना रेलवे स्टेशन रोड स्थित ललित पैलेस के समीप मुस्लिम समाज की ईदगाह एवं कब्रिस्तान की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) नावां के माध्यम से जिला कलेक्टर, डीडवाना-कुचामन को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, भूमि के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

50 साल पुरानी चारदीवारी तोड़ने का आरोप
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित भूमि पर पिछले लगभग 50 वर्षों से चारदीवारी और मुख्य फाटक बने हुए थे। आरोप है कि 14 फरवरी 2026 को सुखराम जाट पुत्र गिरधारी लाल अपने साथ 10 से 15 लोगों एवं एक जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचा और चारदीवारी व फाटक को ध्वस्त कर भूमि पर कब्जा कर लिया।
विरोध के बाद पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलने पर मुस्लिम समाज के सदर मौलाना राशिद शेख सहित समाज के लोग मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत के अनुसार थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों को भूमि से संबंधित दस्तावेजों के साथ थाने बुलाया था। हालांकि, कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए उस समय एफआईआर दर्ज नहीं करवाई गई।

दस्तावेज मस्जिद में सुरक्षित होने का दावा
मुस्लिम समाज के पूर्व सदर बशीर खां ने दावा किया कि भूमि से जुड़े सभी मूल दस्तावेज मस्जिद में सुरक्षित हैं। उनका कहना है कि पूर्व में तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नावां दौरे के दौरान भी यह दस्तावेज प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए गए थे। इसके बाद प्रशासन को भविष्य में इस भूमि की किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री नहीं करने के निर्देश दिए गए थे।
किराये पर दी जाती रही है भूमि
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त भूमि को मुस्लिम समाज प्रतिवर्ष निर्धारित शुल्क लेकर पशु चराने के लिए किराये पर देता रहा है। वर्ष 2025-26 के लिए भी यह भूमि 31 मई 2026 तक किराये पर दी गई थी। ऐसे में समाज ने संबंधित किरायेदार की भूमिका की भी जांच कराने की मांग उठाई है।

प्रशासन से ये की गई मांग
मुस्लिम समाज ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भूमि के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए, कथित अवैध कब्जा हटाया जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
एसडीएम बोले— मुख्यालय के निर्देश पर होगी कार्रवाई
एसडीएम नावां हुकमीचंद रोहलानिया ने बताया कि मुस्लिम समाज की ओर से जिला कलेक्टर, डीडवाना-कुचामन के नाम ज्ञापन प्राप्त हुआ है, जिसे जिला कलेक्टर कार्यालय भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यालय से निर्देश प्राप्त होने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी तथा किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
