” परबतसर में स्वास्थ्य सुविधाओं का नया अध्याय शुरू होगा, किसी मरीज को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा” — पूर्व विधायक मान सिंह किनसरिया

परबतसर में 41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक उपजिला अस्पताल का हुआ भूमि पूजन

परबतसर , परबतसर में किशनगढ़ रोड स्थित करीब 41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए उपजिला अस्पताल भवन का भूमि पूजन समारोह शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। भूमि पूजन पूर्व विधायक मान सिंह किनसरिया और भाजपा जिला अध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सा विभाग के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


इस अवसर पर पूर्व विधायक मान सिंह किनसरिया ने कहा कि यह केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि पूरे परबतसर क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि वर्षों से क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज के लिए अजमेर, नागौर और जयपुर जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। नए अस्पताल के निर्माण के बाद लोगों को अधिकांश चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इसी सोच के तहत परबतसर को अत्याधुनिक उपजिला अस्पताल की सौगात मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि अस्पताल बनने के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, आधुनिक चिकित्सा उपकरण, बेहतर जांच सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण उपचार व्यवस्था उपलब्ध होगी, जिससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी से कार्य को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने का भी आह्वान किया।


भाजपा जिला अध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का कार्य कर रही है। नए अस्पताल भवन के निर्माण से परबतसर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी तथा मरीजों को दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।


अधिकारियों ने बताया कि करीब 41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह तीन मंजिला आधुनिक उपजिला अस्पताल सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित होगा। अस्पताल में विशाल वार्ड, आधुनिक ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, जांच प्रयोगशालाएं तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का विकास किया जाएगा। अस्पताल का निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।


भूमि पूजन समारोह में उपस्थित लोगों ने अस्पताल निर्माण को परबतसर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने निर्माण कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की कामना की, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

error: News 1 Rajasthan