डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन थाना क्षेत्र में रविवार शाम कथित अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के पदमपुरा गांव निवासी भागीरथराम नामक युवक का सफेद स्कॉर्पियो में सवार होकर आए तीन से चार बदमाशों ने कथित रूप से अपहरण कर लिया।

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक को स्कॉर्पियो में बैठाकर नावां की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कुचामन सिटी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीडवाना-कुचामन पुलिस ने सघन नाकाबंदी कर दी है। जिलेभर में अलर्ट जारी करते हुए संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की जा रही है और पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित मार्गों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

इस पूरे घटनाक्रम की जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपहरणकर्ताओं की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। अपहरण के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
