ASP विमल सिंह नेहरा ने खुद पीछा कर दबोचे अपहरणकर्ता, 5 घंटे में अपहृत युवक सकुशल बरामद । कुचामन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहरण की गुत्थी सुलझी, स्कॉर्पियो जब्त; तीन आरोपी हिरासत में

ASP विमल सिंह नेहरा ने खुद पीछा कर दबोचे अपहरणकर्ता, 5 घंटे में अपहृत युवक सकुशल बरामद

कुचामन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहरण की गुत्थी सुलझी, स्कॉर्पियो जब्त; तीन आरोपी हिरासत में

कुचामन सिटी। डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन थाना क्षेत्र के पदमपुरा गांव से रविवार शाम हुए भागीरथराम कुमावत के अपहरण मामले में पुलिस ने महज पांच घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को जब्त कर तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम पदमपुरा गांव निवासी भागीरथराम कुमावत का कथित रूप से अपहरण कर उसे स्कॉर्पियो में बैठाकर ले जाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और जिलेभर में नाकाबंदी कर दी गई।

ऑपरेशन के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विमल सिंह नेहरा ने स्वयं मोर्चा संभाला और पुलिस टीम के साथ आरोपियों का पीछा किया। मेगा हाईवे पर राणासर गांव के पास संदिग्ध वाहन को घेरकर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने अपहृत युवक को कार से सकुशल बरामद कर लिया, जबकि वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने सुखाराम, सीताराम और श्रवणराम नामक तीन युवकों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इनमें से दो आरोपी खुनखुना क्षेत्र तथा एक आरोपी निंबिजोधा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल तीनों से कुचामन थाने में गहन पूछताछ की जा रही है।

ASP विमल सिंह नेहरा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई थीं। जिलेभर में नाकाबंदी कर संभावित मार्गों पर लगातार तलाश अभियान चलाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा किया और राणासर के पास उन्हें हिरासत में लेकर अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में पूछताछ जारी है तथा अपहरण के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने कहा कि पुलिस की सतर्कता, त्वरित रणनीति और टीमवर्क के चलते अपहरण की वारदात का कुछ ही घंटों में सफल खुलासा कर दिया गया। अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है तथा तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ASP  विमल सिंह नेहरा और उनकी पूरी पुलिस टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

error: News 1 Rajasthan