डीडवाना, 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डीडवाना के शीतल कुण्ड बालाजी मंदिर परिसर में जिला स्तरीय योग दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी के साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कार्मिकों, विद्यार्थियों, योग साधकों तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी रहे। उनके साथ भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा, जिला कलक्टर अवधेश मीणा, जिला पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवरान, अतिरिक्त जिला कलक्टर विकास मोहन भाटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया।

राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव होता है।
भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की पहचान है और इसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

जिला कलक्टर अवधेश मीणा ने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक उन्नति का प्रभावी माध्यम है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और अस्वस्थ जीवनशैली के बीच योग एक सकारात्मक समाधान बनकर उभरा है। उन्होंने आमजन से नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मार्ग प्रशस्त होता है।

समारोह में एनसीसी, पुलिस, होमगार्ड, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्मिकों तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। योग दिवस के अवसर पर जिले के सभी उपखंड एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा। योगाभ्यास के माध्यम से उपस्थित लोगों को निरोगी जीवन और सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया।
