
मंत्री विजय सिंह ने किया 90 करोड़ की पेयजल परियोजना का शुभारंभ, अब आधुनिक तकनीक से होगी कुचामन शहर में जलापूर्ति
एक लाख से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ
कुचामन सिटी, वर्षों से पेयजल दबाव की कमी, अनियमित जलापूर्ति और पाइपलाइन लीकेज जैसी समस्याओं से जूझ रहे कुचामन शहर के लिए शनिवार का ऐतिहासिक दिन साबित हुआ। राजस्थान शहरी आधारभूत विकास परियोजना (रूडीप) के तहत संवेदक कंपनी एलएंडटी द्वारा करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आधुनिक पेयजल परियोजना का शुभारंभ राजस्व राज्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक विजय सिंह चौधरी ने किया। उन्होंने चार पंप हाउस और अधिशासी अभियंता कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा कंट्रोल सिस्टम पर माउस क्लिक कर पंप संचालन की शुरुआत की।

20 हजार परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ
परियोजना के शुरू होने के साथ ही कुचामन शहर में आधुनिक तकनीक आधारित जल वितरण व्यवस्था लागू हो जाएगी। इससे शहर की एक लाख से अधिक आबादी और लगभग 20 हजार परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से जल संकट और अनियमित आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे नागरिकों को इस परियोजना से बड़ी राहत मिलने की संभावना है।
चार स्थानों पर बने अत्याधुनिक पंप हाउस
परियोजना के तहत पांचवा रोड, बुड़सू रोड, जगदम्बा कॉलोनी और पीएचईडी परिसर में आधुनिक क्लियर वाटर रिजर्वायर (सीडब्ल्यूआर) एवं पंपिंग स्टेशनों का निर्माण किया गया है। इनमें पांचवा रोड पर 12 लाख लीटर, बुड़सू रोड पर 7.30 लाख लीटर, जगदम्बा कॉलोनी में 9.20 लाख लीटर तथा पीएचईडी परिसर में 6 लाख लीटर क्षमता के पंप हाउस स्थापित किए गए हैं।

कंट्रोल रूम से होगी पूरी निगरानी
एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज हसन ने बताया कि सभी पंप हाउस आधुनिक तकनीक से लैस हैं और कंट्रोल रूम से कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से जलापूर्ति का संचालन किया जाएगा। वर्तमान में इंदिरा गांधी नहर परियोजना से उपलब्ध जल के आधार पर शहरवासियों को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
रूडीप के सहायक अभियंता अनिल सैनी ने बताया कि परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता अत्याधुनिक ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली है। इसके माध्यम से शहर के जलाशयों, पंपिंग स्टेशनों और पाइपलाइन नेटवर्क की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। सभी आंकड़े डिजिटल रूप से उपलब्ध रहेंगे, जिससे तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा। आमजन की सुविधा के लिए शिकायत निवारण केंद्र की भी व्यवस्था की गई है।

10 वर्षों तक एलएंडटी करेगी संचालन और रखरखाव
परियोजना के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी एलएंडटी कंपनी को सौंपी गई है। कंपनी आगामी 10 वर्षों तक जल वितरण प्रणाली का संचालन और प्रबंधन करेगी, जिससे व्यवस्था की निरंतर निगरानी और रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके।
जलापूर्ति व्यवस्था में आएगा बड़ा बदलाव : रामलाल मीणा
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता रामलाल मीणा ने कहा कि परियोजना में अत्याधुनिक ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया गया है, जिसके माध्यम से जल वितरण नेटवर्क की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी।

इससे तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और लोगों को बेहतर एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
पेयजल संकट से मिलेगी राहत : विजय सिंह चौधरी
राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि कुचामन शहर लंबे समय से पेयजल संकट की समस्या से जूझ रहा था। 90 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना शहरवासियों को पानी की किल्लत से राहत देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत नहीं करेगी, बल्कि जल संरक्षण और बेहतर प्रबंधन की दिशा में भी नई मिसाल स्थापित करेगी। इससे शहर की करीब एक लाख आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

नागरिकों में खुशी, विकास की दिशा में बड़ा कदम
स्थानीय नागरिकों ने परियोजना के शुभारंभ पर खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्याओं के समाधान की उम्मीद अब मजबूत हुई है। उनका मानना है कि नई व्यवस्था से न केवल नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित होगी, बल्कि भविष्य में बढ़ती आबादी की जरूरतों को भी पूरा किया जा सकेगा। नागरिकों ने इसे कुचामन शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
ये रहे मौजूद
शुभारंभ समारोह में उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा, रूडीप के अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार, नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता रामलाल मीणा, सहायक अभियंता मुकेश चौधरी, रूडीप के सहायक अभियंता अनिल सैनी, निवर्तमान सभापति सुरेश सिखवाल,पार्षद खेताराम सिसोदिया,

पार्षद नरसीराम कुमावत, पार्षद तुलसीराम कुमावत, पार्षद एवं पत्रकार अयूब शेख, भाजपा शहर मंडल महामंत्री जसराज खुड़ीवाल, किशन गुर्जर, गौतम चंदेलिया, एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज हसन, अभिजीत डारा, अब्दुल समीर, अंजुम, मृत्युंजय, रविन्द्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
