मानवता की मिसाल: मकराना थानाप्रभारी जगदीश मीणा और थाने के स्टाफ ने सफाईकर्मी की बहनों की शादी में भरा मायरा, दिए ₹51,100 नगद व उपहार

मकराना। पुलिस और जनता के बीच संवेदनशील संबंधों का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला जब मकराना पुलिस थाना परिवार ने अपने ही सफाईकर्मी विजय कुमार वाल्मीकि की बहनों के विवाह अवसर पर सामाजिक सरोकार निभाते हुए मायरा भरकर मानवता और पारिवारिक एकजुटता का परिचय दिया।


जानकारी के अनुसार पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी मकराना जगदीश प्रसाद मीणा के नेतृत्व में थाना मकराना के समस्त स्टाफ ने सामूहिक सहयोग से सफाईकर्मी विजय कुमार वाल्मीकि की बहनों की शादी में 51 हजार 100 रुपये नगद, दो चांदी की अंगूठियां एवं वस्त्र भेंट किए। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने परिवार को शुभकामनाएं देते हुए नवविवाहित जीवन की मंगलकामना की।

कार्यक्रम के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। थाना परिवार के इस सहयोग की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस का यह कदम केवल आर्थिक सहयोग नहीं बल्कि सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों का संदेश देने वाला है।

थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा ने कहा कि थाना परिवार केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं बल्कि एक परिवार की तरह कार्य करता है। उन्होंने कहा कि विजय कुमार वाल्मीकि लंबे समय से थाना परिसर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और उनके परिवार की खुशियों में शामिल होना पुलिस परिवार का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे अवसरों पर साथ खड़े होने से सामाजिक रिश्ते और अधिक मजबूत होते हैं।

सफाईकर्मी विजय कुमार वाल्मीकि ने थाना स्टाफ द्वारा मिले सहयोग पर भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि पूरा थाना परिवार उनकी बहनों की शादी में इस तरह सहभागी बनेगा। उन्होंने थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा सहित समस्त पुलिस स्टाफ का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके परिवार के लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार ने उन्हें यह एहसास कराया है कि वे अकेले नहीं हैं।


क्षेत्रवासियों ने की सराहना


मौके पर मौजूद क्षेत्रवासियों और सामाजिक लोगों ने मकराना पुलिस की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि अक्सर पुलिस की भूमिका कानून व्यवस्था तक सीमित मानी जाती है, लेकिन ऐसे कार्य समाज में पुलिस की सकारात्मक और मानवीय छवि को मजबूत करते हैं। लोगों ने कहा कि जरूरत के समय किसी परिवार के साथ खड़े होना सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व है और मकराना पुलिस ने इसका उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।


पुलिस थाना मकराना की इस मानवीय पहल की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। लोगों का मानना है कि ऐसे कार्य समाज में भाईचारे, सहयोग और विश्वास की भावना को और अधिक मजबूत करने का काम करते हैं।

error: News 1 Rajasthan