कुचामन सिटी। मानसून एवं आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जिला कलक्टर अवदेश मीणा के निर्देशानुसार नगर परिषद कुचामन सिटी द्वारा शहर में चल रहे नाला-नाली सफाई कार्यों तथा संभावित जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। उपखंड अधिकारी एवं नगर परिषद प्रशासक विश्वामित्र मीणा, नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया और परिषद के अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील स्थानों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बूड़सू रोड स्थित अनेकांत कॉलोनी पंपिंग स्टेशन, झालरा रोड बावड़ी, खान मोहल्ला स्थित खोखरिया तलाई, पदमपुरा रोड के जलभराव क्षेत्र तथा पंचायत समिति परिसर के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नाला-नाली सफाई कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा जल निकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। पंचायत समिति के पीछे स्थित आवासीय कॉलोनी के जल निकास से जुड़े नाले के चोक होने की समस्या भी सामने आई। इस संबंध में नगर परिषद द्वारा निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं और निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही कार्यादेश जारी कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।
उपखंड अधिकारी एवं प्रशासक विश्वामित्र मीणा ने मौके पर नाला सफाई एवं झाड़ी कटिंग कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति से आमजन को परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं राहत उपाय समय रहते सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने बताया कि शहर के विभिन्न जलभराव क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि खान मोहल्ला में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है तथा जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके पूर्ण होने के बाद स्थानीय निवासियों को इस बड़ी समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मानसून से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के लिए नगर परिषद पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
नगर परिषद प्रशासन का कहना है कि बारिश के दौरान शहर में जलभराव की समस्या को न्यूनतम करने तथा आमजन को राहत देने के लिए विशेष अभियान चलाकर सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।
