कुचामन सिटी। कायम खां दिवस के अवसर पर कुचामन सिटी के खान मोहल्ला में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने दादा कायम खां को खिराज-ए-अकीदत पेश करते हुए उनके शौर्य, त्याग और सामाजिक समरसता के आदर्शों को याद किया। इस अवसर पर शिक्षा, खेल, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कायमखानी समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि दादा कायम खां, ने साहस, वीरता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक एकता की ऐसी मिसाल पेश की, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। वक्ताओं ने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाकर शिक्षा, सेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं, 12वीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर विभिन्न राजकीय सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं ,MBBS पूरी कर चिकित्सक बनने वालों को भी मंच पर सम्मानित किया गया।

जून 2025 एवं दिसंबर 2025 में NET-JRF परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों, नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर एमबीबीएस में चयनित विद्यार्थियों, जेईई के माध्यम से आईआईटी एवं एनआईटी में प्रवेश पाने वाले छात्र-छात्राओं तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और समाज का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं भारतीय सेना में चयनित युवाओं का भी विशेष रूप से अभिनंदन किया गया।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का गौरव नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजन युवाओं में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता की भावना को मजबूत करते हैं।
आयोजन समिति के सरफराज खान (विकी) ने बताया कि कायम खां दिवस का उद्देश्य समाज के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और शिक्षा व प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि समाज के मेधावी विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, शोधार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित कर उनके मनोबल को बढ़ाने का प्रयास किया गया है। भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे ताकि समाज की प्रतिभाओं को उचित मंच और पहचान मिल सके।

कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिक, युवा, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। समारोह का समापन सभी सम्मानित प्रतिभाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।
