कुचामन सिटी की ग्राम पंचायत पलाड़ा के पंचायत मुख्यालय पर सोमवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे डीडवाना-कुचामन जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ग्रामीणों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पलाड़ा फतेहपुरी चौक, गुमान सिंह की ढाणी तथा श्यामावाली कोठी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही कम वोल्टेज की समस्या से जिला कलेक्टर को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर विद्युत विभाग ने तत्काल 100 केवी का नया ट्रांसफार्मर स्थापित करवाया। वहीं रामदेवरा बस स्टैंड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए 63 केवी का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर भी स्वीकृत कर मौके पर रखवाया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।

राजस्व विभाग की ओर से शिविर में 11 लाभार्थियों को आवासीय पट्टों का वितरण किया गया। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किया गया तथा 26 खातेदारों के राजस्व अभिलेखों में नाम शुद्धीकरण कर उन्हें राहत प्रदान की गई। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित अन्य कई समस्याओं का भी मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन को लोगों के द्वार तक पहुंचाना है। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिले।

ग्राम पंचायत पलाड़ा की प्रशासक श्रीमती लीना कंवर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था में सुधार और पट्टा वितरण जैसे कार्यों से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने ग्रामीणों से जागरूक होकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा पात्र होने पर आवेदन करने की अपील की, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे।
शिविर में कुचामन सिटी उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा, तहसीलदार रामेश्वर गढ़वाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष (नागौर देहात) विजय सिंह पलाड़ा, प्रशासक लीना कंवर सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
