फर्जी वसीयत के जरिए संपत्ति हड़पने की कोशिश, 15 साल पुराने मामले में आरोपी गिरफ्तार


मकराना। फर्जी वसीयत तैयार कर संपत्ति हड़पने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मकराना के कायता मोहल्ला निवासी रईसा पत्नी अब्दुल गफूर रांदड़ द्वारा दर्ज कराए गए धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में यह कार्रवाई की गई है। मुकदमा संख्या 227/2011 में फय्याज (63) पुत्र अब्दुल जब्बार चौधरी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467 और 468 के तहत मामला दर्ज किया गया था।


मामले की जांच कर रहे वृत्ताधिकारी (सीओ) विक्की नागपाल ने जांच के दौरान आरोपों को प्रमाणित पाया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित रूप से फर्जी वसीयत तैयार कर संपत्ति पर अवैध अधिकार प्राप्त करने और कब्जा करने का प्रयास किया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने परिवादी की संपत्ति हड़पने की नीयत से जाली दस्तावेज तैयार किए थे।


जुर्म प्रमाणित होने के बाद पुलिस ने आरोपी फय्याज को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में छह मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें धारा 341, 323, 427, 420, 406 एवं 120बी के तहत प्रकरण शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में कई मामलों में जेल भी जा चुका है।

error: News 1 Rajasthan