कुचामन सिटी। पूरे देश की तरह कुचामन सिटी में भी ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे धार्मिक उत्साह, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर की मुख्य ईदगाह में सुबह हजारों की तादाद में मुस्लिम धर्मावलंबी जुटे, जहां मिर्जा मस्जिद के पेश इमाम नूर उल हसन साहब ने ईद की विशेष नमाज अदा करवाई। नमाज के बाद देश, प्रदेश और क्षेत्र में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआएं मांगी गईं।
नमाज के बाद ईदगाह का माहौल भाईचारे और मोहब्बत की मिसाल बन गया। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। मदरसा इस्लामिया सोसायटी की ओर से त्योहार के दौरान बेहतर व्यवस्थाओं के लिए पुलिस और प्रशासन का आभार भी जताया गया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक महेंद्र चौधरी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भवानी सिंह चावंडिया, पार्षद अय्यूब शेख, सुतेन्द्र सारस्वत, भंवर अली खान, उदय सिंह खारिया, हेमराज चावला, डॉ. जगदीश माहला, ईश्वर साहू और मुन्ना लाल महला सहित विभिन्न समुदायों से जुड़े जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम समाज को ईद की मुबारकबाद दी।
पूर्व विधायक महेंद्र चौधरी ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, बलिदान और समर्पण का पर्व है। हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी हमें यह संदेश देती है कि इंसान को मानवता, प्रेम और भाईचारे के लिए हमेशा आगे रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान और आपसी सौहार्द ही देश की सबसे बड़ी ताकत है।

भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भवानी सिंह चावंडिया ने कहा कि ईद का त्योहार प्रेम, शांति और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने सभी लोगों से सामाजिक समरसता बनाए रखने और एक-दूसरे की खुशियों में सहभागी बनने की अपील की।

ईद की नमाज के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात की पुख्ता व्यवस्थाएं की गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा, पुलिस उपाधीक्षक मुकेश चौधरी और थानाधिकारी सतपाल सिंह सिहाग भी ईदगाह में मौजूद रहे तथा मुस्लिम समाज को ईद की शुभकामनाएं दीं।
