CHO कर्मचारियों की मांगों को लेकर जयपुर में मंथन, RACHO बैठक में बनी आर-पार की रणनीति

कुचामन सिटी, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (RACHO) की वार्षिक बैठक जयपुर में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ प्रदेश के करीब 20 जिलों के जिलाध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के हितों, लंबित मांगों और आगामी संगठनात्मक रणनीति को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।


बैठक की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक ओमप्रकाश लोमरोड़ एवं प्रदेश अध्यक्ष राजेश गुर्जर ने की। इस दौरान कार्यकारिणी की समीक्षा, संगठन विस्तार, प्रक्रियाधीन कोर्ट केसों की स्थिति, CHO कर्मचारियों के लंबित मुद्दों के समाधान तथा सरकार एवं प्रशासन तक मांगों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं आला अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने और आवश्यकता पड़ने पर चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर भी सहमति बनी।
संगठन ने बैठक में विशेष रूप से 10 प्रतिशत लॉयल्टी बोनस देने तथा रिक्त स्वास्थ्य केंद्रों पर ही लोकेशन करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। इन मांगों को लेकर सरकार स्तर पर प्रभावी पैरवी करने के लिए अलग रणनीति तैयार की गई।


RACHO के मीडिया प्रभारी नरेंद्र चौधरी ने बताया कि प्रदेशभर के CHO कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार सक्रिय है और बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर जल्द ही सरकार तक मजबूती से बात पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य CHO कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करवाना है।
वहीं डीडवाना-कुचामन जिलाध्यक्ष ओंकार चौधरी ने कहा कि जिले सहित पूरे प्रदेश के CHO कर्मचारी लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। संगठन अब पूरी मजबूती के साथ कर्मचारियों की आवाज उठाएगा और सभी पदाधिकारी एकजुट होकर CHO हितों की लड़ाई लड़ेंगे।
बैठक में प्रदेश महासचिव प्रवीण कड़वा, डीडवाना-कुचामन जिलाध्यक्ष ओंकार चौधरी, कुचामन सिटी ब्लॉक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने एवं CHO हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

error: News 1 Rajasthan