नावां उपजिला अस्पताल पहुंचे CMHO नरेंद्र चौधरी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा; बेड बढ़ाने और बायोमेट्रिक व्यवस्था के दिए निर्देश

डीडवाना-कुचामन जिले के नावां में भीषण गर्मी, लू और वायरल बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवालों के बाद आज सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र चौधरी नावां उपजिला अस्पताल पहुंचे और अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के लिए अतिरिक्त बेड, कूलिंग व्यवस्था और चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


दरअसल, नावां उपजिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं की सूचना मिली थी , जिसके मुताबिक अस्पताल में स्वीकृत पदों के मुकाबले आधे से भी कम स्टाफ होने, डॉक्टरों की भारी कमी, मरीजों की बढ़ती ओपीडी और जर्जर भवन में इलाज किए जाने जैसी जानकारी सामने आए थे। इसके बाद सीएमएचओ स्वयं अस्पताल पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया।
मीडिया से बातचीत में सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र चौधरी ने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में 25 बेड की व्यवस्था है, जिसे बढ़ाकर 65 बेड तक किया जा रहा है ताकि मरीजों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि गर्मी और वायरल के कारण मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में अस्पताल प्रबंधन को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं।


चिकित्सकों के अस्पताल समय में अनुपस्थित रहने के सवाल पर सीएमएचओ ने कहा कि अस्पताल में बायोमेट्रिक मशीन लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अब चिकित्सकों और स्टाफ की उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली के जरिए दर्ज होगी, जिससे अस्पताल समय में सभी डॉक्टरों की मौजूदगी सुनिश्चित की जा सके।उसके आधार पर ही इनका वेतन बनाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल भवन की स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई। गौरतलब है कि नावां का उपजिला अस्पताल लंबे समय से पुराने और जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। अस्पताल के कुछ हिस्सों को कंडम घोषित किया जा चुका है।

इस पर सीएमएचओ ने कहा कि जिस हिस्से को कंडम घोषित किया गया है, उसे पूरी तरह बंद कर दिया गया है। साथ ही जब तक नए भवन नहीं बन जाता, तब तक अस्पताल को किसी अन्य भवन में शिफ्ट करने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।
सीएमएचओ ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों के लिए कूलिंग व्यवस्था बेहतर करने, अतिरिक्त पंखे ,और कूलर लगाने और ठंडे पानी के लिए वाटर कूलर खरीदने के निर्देश भी दिए हैं।

error: News 1 Rajasthan