कुचामन सिटी के प्रसिद्ध सर्व हिंदू समाज श्री शीतला माता मंदिर में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से कमल कुमार जोशी को अध्यक्ष तथा रामेश्वर लाल किरोड़ीवाल को सचिव चुना गया। नई कार्यकारिणी की घोषणा मुख्य संरक्षक मोहन सिंह, एडवोकेट दिनेश दवे, चुन्नीलाल सैनी, कुंजबिहारी जोशी, बजरंग सैन, लालजी सैन एवं मंदिर पुजारी पप्पू महाराज की मौजूदगी में की गई।

बैठक में मंदिर समिति के वरिष्ठ संरक्षक, पदाधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। नई कार्यकारिणी में कमल किशोर गोयर (चिनू) को कोषाध्यक्ष और अशोक राणा (नीनू) को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा विभिन्न सक्रिय सदस्यों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया, जो मंदिर की व्यवस्थाओं और धार्मिक गतिविधियों के संचालन में सहयोग करेंगे।
बैठक के दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं, धार्मिक आयोजनों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति सदस्यों ने मंदिर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, धार्मिक कार्यक्रमों के नियमित आयोजन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने का संकल्प लिया।

नवनियुक्त अध्यक्ष कमल कुमार जोशी ने कहा कि सभी पदाधिकारियों और समाज के सहयोग से मंदिर की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और संस्कारों का भी प्रमुख स्थल है। समिति श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार और धार्मिक आयोजनों को भव्य बनाने के लिए लगातार कार्य करेगी।
संरक्षक एडवोकेट दिनेश दवे ने कहा कि मंदिर समिति समाज को एकजुट करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। नई कार्यकारिणी के गठन से मंदिर की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी तथा युवाओं को धर्म और संस्कृति से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।

पूर्व कोषाध्यक्ष कमल किशोर गोयर ने पूर्व वर्षों का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि समिति द्वारा वर्षभर भजन संध्या, धार्मिक आयोजन, बच्चों के लिए धर्म-संस्कृति एवं आत्मरक्षा (जूडो-कराटे) प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही मंदिर परिसर में आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर योगेश शर्मा, बबलु महाराज, पूर्व अध्यक्ष परमेश्वर सोनगरा, अमरचंद सेन, पवन अग्रवाल, तरुण सोनी, अजय कुमावत, नवीन कुमावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
