मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डीडवाना-कुचामन को मिलेगी नई दिशा: सुनीता रांदड़


डीडवाना-कुचामन। भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ ने जयपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर जिले से जुड़े संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास, संगठन को मजबूत बनाने और प्रशासनिक समन्वय को बेहतर करने जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।


बैठक में ग्राम विकास रथ के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया। साथ ही संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान जिलाध्यक्ष रांदड़ ने मुख्यमंत्री को गाय और बछड़े की संगमरमर की प्रतिमा भेंट की। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में गाय मातृत्व, समृद्धि और करुणा का प्रतीक है, जबकि बछड़ा उज्ज्वल भविष्य और निरंतरता का संकेत देता है। यह भेंट “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” की भावना को दर्शाती है।


रांदड़ ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि भाजपा संगठन डीडवाना-कुचामन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंत्योदय के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार सक्रिय है और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है।
उन्होंने अपनी कार्यशैली पर जोर देते हुए कहा कि संगठन को “सबको साथ लेकर चलने” के सिद्धांत के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह और जनता का विश्वास मजबूत हो रहा है।


अंत में रांदड़ ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को नई गति और दिशा मिलेगी तथा भाजपा संगठन जनसेवा में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।

error: News 1 Rajasthan