ब्राह्मण समाज सम्मान समारोह में एकता व शिक्षा पर जोर, मनोज जोशी बोले—“समाज सेवा में अग्रणी हैं हमारे प्रतिनिधि”

कुचामन सिटी सर्व ब्राह्मण समाज नगर अध्यक्ष मनोज जोशी ने कहा कि समाज को अपने प्रतिनिधियों पर गर्व है, जो हर समय समाज की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने सामाजिक एकजुटता और शिक्षा को समाज के उत्थान की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी वर्गों से मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया,मौका था शहर के स्टेशन रोड स्थित एकलव्य एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में रविवार को विप्र समाज द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह का । कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सदस्यों का सम्मान किया गया और सामाजिक एकता, शिक्षा तथा उत्थान जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।


समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विशेषाधिकारी गोविंद पारीक रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा, राजेंद्र पारीक (डीडवाना), रमाकांत शर्मा (डीडवाना), छ:न्याति ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष भगवती प्रसाद शर्मा तथा आदि गौड़ विप्र ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष गिरिराज खरीट शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मनोज जोशी ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का माला, साफा और मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया।

अपने संबोधन में पंडित सुरेश मिश्रा ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए ईडब्ल्यूएस व्यवस्था का अधिकाधिक लाभ दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि गोविंद पारीक ने समाज को एकजुट रखने, सनातन संस्कृति के संरक्षण और युवाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि परंपराओं के साथ आधुनिकता को अपनाना समय की मांग है। उन्होंने प्रतिभा सम्मान, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता को समाज के विकास की आधारशिला बताया।


वक्ताओं ने ब्राह्मण समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज ने सदैव राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई है और वर्तमान समय में भी एकजुटता के साथ आगे बढ़ना जरूरी है।
कार्यक्रम में भाजपा जयपुर जिला मीडिया प्रभारी सुनील पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि विप्र समाज कार्यकारिणी के सभी सदस्यों का भगवान गणेश की प्रतिमा व दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर विभिन्न समाजों के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिनमें भंवरलाल पारीक, गोविंदलाल उपाध्याय, आनंद दाधीच, सुरेश सिखवाल, अखिलेशचंद रॉय, भानुप्रकाश औदिच्य, रवि भार्गव, अक्षय दवे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।

अंत में एकलव्य स्कूल के निदेशक अक्षय जोशी ने आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम का संचालन दिलीप पारीक और लक्ष्मण शर्मा ने किया।

error: News 1 Rajasthan