डीडवाना शहर में आगामी रामनवमी महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्व हिन्दू परिषद के तत्वावधान में गठित रामनवमी महोत्सव समिति द्वारा निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा के सफल आयोजन के लिए लगातार बैठकों और कार्यक्रमों का दौर जारी है।
इसी क्रम में पावन सिद्ध स्थल श्री दोजराज गणेश मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर रामनवमी शोभायात्रा के पोस्टर एवं निमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश के पूजन से हुई, जिसके बाद सभी ने शोभायात्रा के सफल एवं मंगलमय आयोजन की कामना की।
इस अवसर पर जिला संघचालक रामवतार सर्राफ, विहिप जिला संगठन मंत्री जयेश रावल सहित रामनवमी महोत्सव समिति के संयोजक श्यामप्रताप सिंह राठौड़ (रुवां), सहसंयोजक योगेश लाल शर्मा, शैतानराम लूणीया, श्रीकृष्ण जाखड़ तथा रामगोपाल तूनवाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रामनवमी महोत्सव समिति के मीडिया प्रभारी लोकेश कुमार पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि रामनवमी के पावन अवसर पर डीडवाना शहर में भव्य और विराट शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों के साथ-साथ सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए शहर में व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है और तैयारियां तेजी से की जा रही हैं, ताकि यह आयोजन श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ भव्य रूप में संपन्न हो सके।
