कुचामन सिटी के स्टेशन रोड स्थित मेघवाल समाज भवन में अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर समिति जयपुर के अध्यक्ष सतवीर सिंह के प्रथम आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजनों, पदाधिकारियों और सैकड़ों समाजबंधुओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम में समिति के संभागीय सचिव जगन्नाथ राम, नगर परिषद पूर्व उप सभापति हेमराज चावला, अजाक जिलाध्यक्ष डीडवाना–कुचामन जगदीश रॉय, डॉ. एन.के. मोहनपुरिया, वेलफेयर सोसाइटी के जिला अध्यक्ष हेमाराम रोलन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश लड़ना, अजाक महासचिव किस्तूरमल वर्मा, किशन लाल कांसोटिया, प्रहलाद नरानिया, जितेंद्र कांसोटिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पमालाओं और साफा पहनाकर अतिथियों का अभिनंदन किया।

अपने संबोधन में समिति अध्यक्ष सतवीर सिंह ने हालिया चुनाव में भारी मतों से विजय दिलाने पर समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की एकता और विश्वास की जीत है। उन्होंने संगठन को पंचायत स्तर तक विस्तार देने का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक समाज जमीनी स्तर पर संगठित नहीं होगा, तब तक सामाजिक बदलाव अधूरा रहेगा। सतवीर सिंह ने अनुसूचित जाति समाज पर होने वाले उत्पीड़न पर प्रभावी अंकुश लगाने और सामाजिक बराबरी का दर्जा दिलाने के लिए संघर्षरत रहने का विश्वास दिलाया। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आगे आकर संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालने की अपील की।

वहीं अजाक जिलाध्यक्ष जगदीश रॉय ने कहा कि समाज की ताकत उसकी एकजुटता में है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संगठन और संघर्ष के मार्ग पर चलते हुए ही सामाजिक न्याय संभव है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अजाक संगठन हर स्तर पर समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समाजबंधुओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा सामाजिक समरसता एवं समानता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
