डीडवाना-कुचामन जिले की मकराना पुलिस ने मकराना कस्बे में ज्वैलर्स शोरूम में हुई बड़ी नकबजनी का पर्दाफाश करते हुए मध्यप्रदेश के दो शातिर बदमाशों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की मारूति सुजुकी एसएल 6 स्मार्ट हाइब्रिड कार भी जब्त कर ली है, जबकि चोरी गए माल की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।
पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया, वृताधिकारी मकराना विक्की नागपाल के सुपरविजन तथा थानाधिकारी मकराना जगदीश प्रसाद मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर इस सनसनीखेज वारदात की जांच शुरू की गई।

घटना 29 जनवरी 2026 की है, जब मकराना निवासी सुरेन्द्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनके आभूषण शोरूम ‘मैसर्स अजमेर ज्वैलर्स’, हॉस्पिटल रोड मकराना के दक्षिणी शटर को तोड़कर बदमाश अंदर घुसे। चैनल गेट के तीन ताले कटर से काटे गए और मजबूत कांच तोड़कर करीब 40 किलो चांदी के आभूषण व बर्तन, 158 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग 15 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मकराना, कुचामन व आसपास के रूट के करीब 400-500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

8 फरवरी 2026 को आरोपी ललित शर्मा और विजय मोग्या चोरी की फिराक में मकराना व बोरावड़ क्षेत्र में रैकी करने पहुंचे थे। सहायक उपनिरीक्षक अयूब खां ने अपनी टीम के साथ दोनों को एक टोपीदार एक नाली बंदूक, बारूद, छर्रे और पोटाश पाउडर सहित गिरफ्तार कर लिया। अवैध हथियार रखने के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के निवासी हैं और 29 जनवरी को मकराना में सर्राफा व्यापारी की दुकान में हुई चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस अब चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।बरामदगी में एक अवैध टोपीदार एकनाली बंदूक, बारूद, छर्रे, पोटाश पाउडर तथा बिना नंबर की मारूति सुजुकी एसएल 6 स्मार्ट हाइब्रिड कार शामिल है।
थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा ने कहा कि मकराना में व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और संगठित नकबजनी करने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया ने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर यह सफलता मिली है। अंतरराज्यीय गिरोहों पर विशेष नजर रखी जा रही है और जिले में आपराधिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
