कुचामन सिटी के न्यू कॉलोनी स्थित कुचामन विद्या मंदिर प्रवेशिका विद्यालय परिसर में गुरुवार को ब्राह्मण छह न्याति समाज द्वारा संचालित विद्यालय प्रबंधन समिति के चुनाव शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से सम्पन्न हुए। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें मनोज जोशी को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया, जबकि घनश्याम नवहाल को मंत्री निर्वाचित किया गया।

नई कार्यकारिणी का गठन
चुनाव प्रक्रिया के तहत समाजबंधुओं की सहमति से अन्य पदों पर भी जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया। लॉयन नरेंद्र जोशी और रविकांत सारस्वत को उपाध्यक्ष, संजय उपाध्याय को संयुक्त मंत्री, गिरीराज खरीट को कोषाध्यक्ष तथा राजेन्द्र सिखवाल को लेखा परीक्षक चुना गया। सभी पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से होने पर सभा में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

पूर्व कार्यकारिणी का लेखा-जोखा प्रस्तुत
चुनाव से पहले, पूर्व कार्यकारिणी के कोषाध्यक्ष गिरीराज खरीट ने संस्था का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। निवर्तमान अध्यक्ष उमेश सर्राफ ने अपने कार्यकाल में किए गए कार्यों की जानकारी साझा करते हुए समाज के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।

परशुराम सर्किल और छात्रावास का निर्माण शीघ्र पूरा कराने का रहेगा लक्ष्य
बैठक में विप्र समाज के अध्यक्ष घनश्याम गौड़ ने परशुराम सर्किल निर्माण की प्रगति और छात्रावास भवन हेतु भूमि आवंटन को लेकर चल रहे प्रयासों की जानकारी दी। नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल ने सामाजिक एकता पर बल देते हुए कहा कि परशुराम सर्किल का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा और इसमें नगर परिषद का पूरा सहयोग रहेगा।
नव निर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने बताई भविष्य की योजनाएं
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि ब्राह्मण छह न्याति समाज की पहचान शिक्षा, संस्कार और संगठनात्मक मजबूती से है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाना, आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करना, जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए सहयोग योजनाएं शुरू करना और समाज को एक सूत्र में बांधना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।

मनोज जोशी ने समाजबंधुओं से आह्वान किया कि वे तन-मन-धन से समाज के कार्यों में सहयोग करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया जा सके।
उपाध्यक्ष नरेंद्र जोशी ने कहा कि नई कार्यकारिणी पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विद्यालय प्रबंधन में सामूहिक निर्णयों को प्राथमिकता दी जाएगी और समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

सभापति सुरेश सिखवाल ने जताया भरोसा
नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल ने कहा कि ब्राह्मण छह न्याति समाज का शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में योगदान सराहनीय रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर परिषद स्तर पर समाज के विकास से जुड़े कार्यों में हर संभव सहयोग किया जाएगा और परशुराम सर्किल जैसे महत्वपूर्ण कार्य जल्द धरातल पर नजर आएंगे।
शपथ ग्रहण व सम्मान समारोह
चुनाव अधिकारी वैद्य नागरमल मिश्र ने नवनियुक्त अध्यक्ष सहित समस्त कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद आयोजित पदग्रहण एवं सम्मान समारोह में समाजबंधुओं ने माल्यार्पण, साफा बंधन और मुंह मीठा कराकर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन किया।

समाजबंधुओं की रही उल्लेखनीय उपस्थिति
बैठक में भंवरलाल पारीक, बालकृष्ण जोशी, सुरेशकुमार गौड़, गिरीराज शर्मा, रामवतार मंगलिहारा, प्रमोद जोशी, रक्षेन्द्र ओझा, रामअवतार शर्मा, पूसालाल शर्मा, गोविन्द उपाध्याय, प्रकाशचंद शर्मा, मुरारी गौड़, हेमराज पारीक, कुंजबिहारी जोशी, विमल पारीक, विजय पारीक, नाथूलाल, जयप्रकाश शर्मा, प्रमोद माटोलिया, कमलकुमार गौड़, महेन्द्र मिश्रा सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।
