डीडवाना विकास परिषद समिति द्वारा संचालित श्री बाँगड़ महिला महाविद्यालय, डीडवाना में कल मंगलवार को भव्य वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा, जिसमें शिक्षा, संस्कृति और छात्रा सम्मान की झलक देखने को मिलेगी।

इस समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान के महामहिम राज्यपाल एवं महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के कुलाधिपति हरिभाऊ किशनराव बागड़े होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे करेंगी। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री सीमेंट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हरिमोहन बांगड़ की उपस्थिति रहेगी। स्थानीय विधायक यूनुस खान भी समारोह में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा महाविद्यालय परिसर का अवलोकन किया जाएगा। साथ ही स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर उत्तीर्ण छात्राओं को उपाधियाँ प्रदान कर उनका सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर महाविद्यालय की वार्षिक विवरणिका का विमोचन भी किया जाएगा। वार्षिकोत्सव समारोह के अंतर्गत छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी, जो दर्शकों को आकर्षित करेंगी।

महाविद्यालय की प्रबंध समिति के महामंत्री शंकरलाल परसावत ने बताया कि समारोह को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। अतिथियों और आमजन की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने महाविद्यालय की पूर्व छात्राओं, अभिभावकों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर छात्राओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
वार्षिकोत्सव के माध्यम से महाविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मान देना और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है।
