जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी मंगलवार को डीडवाना के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीडवाना–कुचामन जिला कलेक्टर डॉक्टर महेंद्र खड़गावत से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान जिले की प्रमुख विकास गतिविधियों और प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में सबसे पहले जिले में चल रहे SIR अभियान की प्रगति पर बात हुई। जिला कलेक्टर डॉक्टर महेंद्र खड़गावत ने बताया कि जिले में SIR अभियान का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, और शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय है और अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।

जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी ने कुचामन क्षेत्र की मुख्य समस्याओं को रखते हुए बदहाल यातायात व्यवस्था, बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण, और सीवरेज कार्य में L&T कंपनी की धीमी व लापरवाहीपूर्ण कार्यशैली पर चिंता जताई। उन्होंने इन सभी बिंदुओं पर शीघ्र समाधान की जरूरत बताते हुए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

जिला कलेक्टर डॉक्टर महेंद्र खड़गावत ने इन मुद्दों पर कहा कि कुचामन सिटी में जल्द ही यातायात व्यवस्था में ठोस सुधार दिखाई देगा। ट्रैफिक रूट प्लानिंग और पुलिस की तैनाती के माध्यम से स्थिति को व्यवस्थित किया जाएगा अतिक्रमण हटाने का अभियान निरंतर चलाया जाएगा। बाजारों में पैदल राहगीरों और आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता में है।शहर के प्रमुख मार्गों पर लाइनिंग कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि L&T कंपनी को सीवरेज कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता में सुधार के लिए स्पष्ट निर्देश दिए जाएंगे।

लापरवाही को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें जिले से जुड़े आवश्यक मुद्दों पर तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन जिला प्रमुख को दिया गया।
