किसान रबी फसलों की बुवाई में जुटे — खेतों में गूंज रही ट्रैक्टरों की आवाज़, किसानों में उत्साह

कुचामन सिटी, दीपावली के बाद अब जिलेभर में रबी फसलों की बुवाई का काम जोर-शोर से शुरू हो गया है। चौमासे की फसलों में नुकसान झेल चुके किसानों के चेहरों पर इस बार उम्मीद की चमक लौट आई है। सर्दियों की दस्तक के साथ ही खेतों में गतिविधियां बढ़ गई हैं, ट्रैक्टरों की घरघराहट और हल जोतते किसानों की व्यस्तता रबी सीजन की शुरुआत का ऐलान कर रही है।

खेतों में इन दिनों नमी पर्याप्त बनी हुई है, क्योंकि इस बार बारिश का दौर देर तक चला। यही वजह है कि किसानों को सिंचाई पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ रहा है। जिले में अब तक चना और सरसों की बुवाई लगभग पूरी हो चुकी है, जबकि गेहूं, जौ और सब्जियों की बुवाई का कार्य इन दिनों जोरों पर है।

कुचामन क्षेत्र के किसान गेहूं, जौ, मटर, लहसुन, धनिया और मेथी जैसी शरदकालीन फसलों की बिजाई में जुटे हुए हैं। जिन इलाकों में कुओं और बोरवेलों में पर्याप्त जलस्तर है, वहां के किसान पहले से ही गेहूं की बुवाई शुरू कर चुके हैं।

गोपालपुरा गांव के किसान परसाराम जाट बताते हैं कि “इस बार गेहूं की बुवाई को लेकर किसानों में खासा उत्साह है। खरीफ की फसलों में नुकसान झेलने के बाद अब सबकी उम्मीदें रबी सीजन से जुड़ी हैं। खेतों में पर्याप्त नमी और मौसम की अनुकूलता से इस बार उत्पादन बेहतर रहने की संभावना है।”

किसानों का मानना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा और ठंड अपने समय पर पड़ी, तो इस बार जिले में रबी फसलों का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकता है। कुल मिलाकर, चौमासे की मार झेल चुके किसान अब रबी की फसलों से नई उम्मीदें संजोए खेतों में मेहनत की नई कहानी लिख रहे हैं।

error: News 1 Rajasthan