डीडवाना, राजस्थान पेंशनर्स समाज, जिला डीडवाना-कुचामन द्वारा पेंशनर्स के हितों को सुदृढ़ करने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
जिला प्रवक्ता मनवर अली उसमानी ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज की गत त्रैमासिक बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार, जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद वैष्णव के सानिध्य में डीडवाना शहर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में पेंशनर्स से व्यक्तिगत रूप से मिलकर संवाद स्थापित किया जा रहा है।

इस जनसंपर्क अभियान का उद्देश्य न केवल पेंशनर्स की व्यक्तिगत समस्याओं से रूबरू होना है, बल्कि प्रदेश मुख्यालय पर स्व. डी.एस. नकारा जी की स्मृति में कॉरिडोर निर्माण और उनकी प्रतिमा स्थापना हेतु सहयोग राशि एकत्रित करना भी है। इसी के साथ नए सदस्यों को जोड़ने और संगठन की गतिविधियों का विस्तार करने पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।
पिछले पाँच दिनों से जिलाध्यक्ष वैष्णव के नेतृत्व में उपाध्यक्ष अब्दुल हमीद परिहार, राम प्रसाद वैष्णव, सलाहकार द्वारका प्रसाद शर्मा, कोषाध्यक्ष छितर मल आसेरी, तथा कार्यालय मंत्री ताराचंद सेन की टीम डीडवाना क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और गांवों में जाकर पेंशनर्स के घर-घर संपर्क कर रही है।

इस दौरान टीम ने पेंशनर्स की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें जिला स्तर पर समाधान हेतु संकलित किया। पेंशनर्स समाज के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक टीम का स्वागत किया और समाज के उद्देश्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग देने का आश्वासन दिया।
जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद वैष्णव ने सभी पेंशनर्स साथियों से संगठन को और मजबूत बनाने के लिए अधिकाधिक सदस्य बनने तथा डी.एस. नकारा स्मृति कॉरिडोर के निर्माण कार्य में योगदान देने की अपील की है।
