मकराना। नागौर जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में राजस्थान राज्य सीनियर पुरुष वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए नागौर जिला फुटबॉल टीम के चयन एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 6 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे मकराना के रफी अहमद किदवई खेल स्टेडियम में किया जाएगा।
चयन ट्रायल में जिले के पात्र खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।
चयन ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अपने साथ जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज की दो रंगीन फोटो तथा खेल सामग्री एवं किट साथ लाना अनिवार्य होगा।
चयन समिति में जिला सचिव सैयद फरहत अली, जिला उपाध्यक्ष शबीक अहमद उस्मानी, अनवर अली मकराना, मोहम्मद यूसुफ, हाजी लियाकत अली भाटी, जिला जॉइंट सेक्रेटरी हनीफ गौड़, अरफत अली सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहेंगे।

जिला सचिव सैयद फरहत अली ने कहा कि जिले में फुटबॉल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के उद्देश्य से चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग्य और प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर मिलेगा तथा चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बेहतर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
वहीं जिला उपाध्यक्ष शबीक अहमद उस्मानी ने कहा कि नागौर जिले में फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए संघ लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों से अपील की कि वे निर्धारित समय पर मकराना पहुंचकर चयन ट्रायल में भाग लें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
गौरतलब है कि चयनित नागौर जिला टीम आगामी 22 से 25 अक्टूबर 2026 तक आबू राज, जिला सिरोही में आयोजित होने वाली राजस्थान राज्य सीनियर पुरुष वर्ग फुटबॉल चैंपियनशिप में नागौर जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
नागौर जिला फुटबॉल संघ ने जिले के सभी खेल प्रशिक्षकों एवं पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन ट्रायल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
