एसीबी स्थापना दिवस पर भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरूकता अभियान, पोस्टर जारी कर आमजन को किया जागरूकASP सुरेश कुमार शर्मा बोले— “डरें नहीं, भ्रष्टाचार की सूचना दें, पहचान पूरी तरह रहेगी गोपनीय”



राजस्थान सरकार की पारदर्शी एवं जवाबदेह सुशासन की नीति तथा भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के स्थापना दिवस पर बुधवार को डीडवाना स्थित एसीबी कार्यालय में भ्रष्टाचार विरोधी जनजागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एसीबी का जागरूकता पोस्टर जारी किया गया तथा आमजन, किसानों, व्यापारियों, दुकानदारों और विद्यार्थियों के बीच भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता पंपलेट वितरित कर लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) राजस्थान का गठन वर्ष 1957 में राज्य में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से किया गया था। तभी से प्रत्येक वर्ष 15 जुलाई को एसीबी स्थापना दिवस के रूप में माना जाता है। इस वर्ष ब्यूरो ने अपना 69वां स्थापना दिवस मनाया।


कार्यक्रम का आयोजन एसीबी राजस्थान के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के निर्देशन तथा उप महानिरीक्षक पुलिस, एसीबी अजमेर रेंज नारायण टोगस के पर्यवेक्षण में किया गया।
डीडवाना-कुचामन एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि स्थापना दिवस का उद्देश्य केवल विभाग की स्थापना का स्मरण करना नहीं, बल्कि समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई तभी सफल होगी, जब आमजन बिना किसी भय के आगे आकर शिकायत करेंगे।


उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति रिश्वत मांगता है अथवा भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई जानकारी है तो उसकी सूचना तत्काल एसीबी को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है तथा प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
ASP सुरेश कुमार शर्मा ने कहा, “डरने की नहीं, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत है। आमजन का सहयोग ही भ्रष्टाचार मुक्त समाज की सबसे बड़ी ताकत है।”


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को एसीबी की कार्यप्रणाली, अधिकारों एवं नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आय से अधिक संपत्ति, पद के दुरुपयोग, ट्रैप कार्रवाई तथा आकस्मिक जांच (सरप्राइज चेकिंग) जैसी कार्रवाईयों की जानकारी देकर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।


इस अवसर पर एसीबी के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 तथा एसीबी चौकी डीडवाना-कुचामन के दूरभाष नंबर 01580-220033 की जानकारी भी साझा की गई, ताकि आमजन भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत आसानी से दर्ज करा सकें।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार शर्मा के साथ एसीबी स्टाफ के कानाराम, राजेन्द्र झुरियां, रमेश कुमार, बीरबल एवं राजूराम सहित बड़ी संख्या में आमजन, किसान, दुकानदार, व्यापारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।


एसीबी स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई केवल एसीबी की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। आमजन की एक सूचना भी भ्रष्टाचारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का आधार बन सकती है।

error: News 1 Rajasthan