48 घंटे… 200 CCTV… और मोग्या गैंग सलाखों के पीछे । मकराना पुलिस ने किया रायथलिया में एक रात में हुई नकबजनी की 3 वारदातों का खुलासा,2  शातिर गिरफ्तार 

मकराना । डीडवाना-कुचामन जिले की मकराना थाना पुलिस ने महज 48 घंटे में एक ऐसी नकबजनी की वारदात का खुलासा किया है, जिसने पूरे रायथलिया गांव में दहशत फैला दी थी। एक ही रात में तीन मकानों के पीछे की खिड़कियां तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले मोग्या गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वारदात में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्स्टर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। चोरी गए जेवरात की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

एक ही रात में तीन घर बने निशाना

5 जुलाई की सुबह रायथलिया गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन परिवारों को पता चला कि रात के अंधेरे में चोर घरों के पीछे की खिड़कियां तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए।

पीड़ित सज्जन सिंह के घर से करीब 15 तोला सोने के आभूषण और लगभग एक किलो चांदी के जेवर चोरी हुए। वहीं दुर्ग सिंह के घर से करीब 8 तोला सोना और अन्य आभूषण तथा दौलत सिंह के घर से सोने-चांदी के जेवरों के साथ 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए।

200 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर मिला सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा और वृताधिकारी विक्की नागपाल के सुपरविजन में मकराना थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

एफएसएल और एमओबी टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद जयपुर-नागौर-किशनगढ़ हाईवे सहित कुचामन क्षेत्र के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी विश्लेषण, फील्ड इंटेलिजेंस और लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम केकड़ी, सरवाड़, टोंक और मालपुरा तक पहुंची और आखिरकार मोग्या गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे करते थे वारदात

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोग्या गैंग से जुड़े हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में सुनसान मकानों को निशाना बनाते हैं। ये घरों के पीछे की खिड़कियां या दरवाजे तोड़कर अंदर प्रवेश करते हैं और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर तेज रफ्तार बाइक से फरार हो जाते हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने परबतसर और खुनखुना थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस को अन्य कई मामलों के खुलासे की भी उम्मीद है।

गिरफ्तार आरोपी

लालाराम (23), निवासी झलका मेवाड़ा, थाना केकड़ी सिटी, जिला अजमेर।

सुवालाल (25), निवासी भंगेरा, थाना केकड़ी सिटी, जिला अजमेर।

दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी, लूट और अन्य गंभीर मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

किसी भी तरह के अपराधियों को नहीं बख्शेंगे –  एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान 

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने कहा कि जिले में हर तरह के अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विश्लेषण और पुलिस टीमों के समन्वित प्रयास से महज 48 घंटे में इस वारदात का खुलासा किया गया है। चोरी गए जेवरात की बरामदगी और गैंग से जुड़े अन्य मामलों का खुलासा करने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।

टीम वर्क से मिली कामयाबी – थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा

मकराना थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद विशेष टीम गठित कर तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया। करीब 200 सीसीटीवी फुटेज की जांच और लगातार फील्ड वर्क के बाद आरोपियों तक पहुंचना संभव हुआ। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर चोरी गए जेवरात की बरामदगी तथा अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में मकराना थाना पुलिस, एमओबी टीम, साइबर सेल डीडवाना, लाडनूं, कुचामन सिटी, मारोठ, परबतसर, केकड़ी सिटी तथा मालपुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विश्लेषण और लगातार फील्ड ऑपरेशन के चलते पुलिस को बड़ी सफलता मिली।

error: News 1 Rajasthan