मकराना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5.34 ग्राम एमडीएमए और 8,300 रुपये की नकदी के साथ तस्कर गिरफ्तार

डीडवाना – कुचामन जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मकराना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 5.34 ग्राम अवैध एमडीएमए, 8,300 रुपये की मादक पदार्थ विक्रय राशि तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कानाराम पुत्र समदर राम (32) निवासी गुढ़ा, थाना परबतसर के रूप में हुई है।


पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर भूपेन्द्र शर्मा तथा वृत्ताधिकारी मकराना विक्की नागपाल के सुपरविजन में थानाधिकारी मकराना जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को गश्त के दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5.34 ग्राम अवैध एमडीएमए तथा मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 8,300 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने तत्काल मादक पदार्थ एवं नकदी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में आरोपी के मादक पदार्थों के अवैध नेटवर्क से जुड़े होने की संभावना को देखते हुए उसका सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ किससे खरीदता था और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच बडू थानाधिकारी अजय सिंह द्वारा की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अपराधों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

बरामदगी

5.34 ग्राम अवैध एमडीएमए
8,300 रुपये मादक पदार्थ विक्रय राशि
एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2025 में मकराना थाना तथा वर्ष 2022 में गांधीनगर (अजमेर) थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2014 में परबतसर थाने में चोरी का मामला भी दर्ज है।

कार्रवाई करने वाली टीम

इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी जगदीश प्रसाद ने किया। टीम में हेड कांस्टेबल महेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल ओमप्रकाश, सुखदेव, नंदराम, रामेश्वर और रमेश शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में पूरी टीम का सामूहिक योगदान रहा।मामले की जांच थानाधिकारी बड़ू कर रहे हैं

error: News 1 Rajasthan