भक्ति और श्रद्धा के संग निकली भव्य कलश यात्रा, श्रीमद्भागवत कथा का हुआ शुभारंभ


कुचामन सिटी। हनुमानपुरा स्थित कड़वों की ढाणी में सोमवार को नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ। कथा के प्रथम दिवस गणपति पूजन, कलश स्थापना एवं भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।


कलश यात्रा कथा स्थल से रवाना होकर विभिन्न मार्गों से गुजरी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने कलश यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं को जलपान की व्यवस्था भी की। बैंड-बाजों और भक्ति संगीत के बीच निकली यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।


कथा के शुभारंभ अवसर पर जयपुर के प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य श्री चन्द्रशेखर जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य ज्ञान है। उन्होंने कहा कि भागवत हमें प्रेम, भक्ति, सेवा और मानव कल्याण का संदेश देती है। कथा श्रवण से मनुष्य के भीतर सकारात्मक परिवर्तन आता है और जीवन में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है।
आचार्य श्री ने श्रद्धालुओं से कथा को केवल सुनने तक सीमित नहीं रखने, बल्कि उसके संदेशों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति और सत्संग ही मनुष्य को वास्तविक सुख और शांति प्रदान करते हैं।


आयोजक सुखाराम कड़वा ने बताया कि क्षेत्रवासियों के सहयोग और उत्साह से कथा का शुभारंभ भव्य रूप से हुआ है। उन्होंने कहा कि नौ दिनों तक चलने वाली इस कथा में भागवत के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से परिवार सहित कथा में पहुंचकर धर्मलाभ लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की।


कथा के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भागवत कथा का श्रवण किया। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। आगामी दिनों में श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का रसपान कराया जाएगा।

error: News 1 Rajasthan