कुचामन सिटी के राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को जांच के लिए लंबी लाइनों में लगने से होने वाली परेशानी को लेकर स्थानीय निवासी मोहम्मद हनीफ भाटी ने अस्पताल प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अलग व्यवस्था की मांग उठाई है। यह ज्ञापन पीएमओ डॉ बलबीर सिंह ढाका के आवश्यक कार्य से डीडवाना प्रवास पर होने के कारण पूर्व पीएमओ डॉ शकील राव को सौंपा गया। इस दौरान जनसेवक नवाब शेख भी साथ में मौजूद रहें।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में अस्पताल में भर्ती मरीजों और बाहर से रोजाना जांच करवाने आने वाले मरीजों के लिए एक ही लाइन लगाई जाती है, जिससे पहले से भर्ती रोगियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार मरीजों के साथ कोई परिजन नहीं होने पर उन्हें खुद लाइन में खड़ा होना पड़ता है, जिससे उनकी तबीयत और बिगड़ने का खतरा बना रहता है। विशेष रूप से वृद्ध महिला-पुरुष एवं गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को अधिक दिक्कत झेलनी पड़ती है।

मोहम्मद हनीफ भाटी ने बताया कि हाल ही में वे स्वयं अस्पताल में जांच करवाने पहुंचे थे, जहां उन्होंने देखा कि पेट की गंभीर बीमारी से भर्ती एक महिला भी लाइन में खड़ी थी और लंबे समय तक खड़े रहने के दौरान वह दो बार गिरते-गिरते बची। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और अस्पताल प्रशासन को भर्ती मरीजों के लिए अलग जांच व्यवस्था तुरंत लागू करनी चाहिए, ताकि गंभीर मरीजों को राहत मिल सके।
उन्होंने मांग की कि अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं बाहरी रोगियों के लिए सैंपल देने की अलग-अलग व्यवस्था की जाए या ऐसी वैकल्पिक सुविधा विकसित की जाए जिससे मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

इस संबंध में राजकीय जिला अस्पताल कुचामन सिटी के पीएमओ डॉ बलबीर सिंह ढाका ने कहा कि अस्पताल प्रशासन भर्ती मरीजों की जांच के लिए अलग व्यवस्था शुरू करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही अस्पताल में ऐसी सुविधा शुरू की जाएगी, जिसमें पहले से भर्ती मरीजों और नए आने वाले मरीजों के लिए अलग-अलग व्यवस्था रहेगी। डॉ ढाका ने कहा कि अस्पताल का प्रयास है कि यहां आने वाले प्रत्येक रोगी को बेहतर और सुविधाजनक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
