Rajasthan के डीडवाना में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर बास्केटबॉल प्रशिक्षण शिविर का समापन उत्साह और खिलाड़ियों के सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर पंजाब की पूर्व भाजपा सरकार में वन, पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा रिसर्च मंत्री रहे अरुणेश साकिर ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
राजस्थान बास्केटबॉल संघ द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में आरबीए अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़, भाजपा नेता ओम प्रकाश मोदी, पूर्व पालिकाध्यक्ष सुरेश वर्मा तथा भाजपा नेता महावीर ओझा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। जूनियर वर्ग की बालक एवं बालिका दोनों टीमें 21 से 25 मई तक Puducherry में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी।
“युवा ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं”
पूर्व मंत्री अरुणेश साकिर ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत नई ऊर्जा और नई सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हर क्षेत्र में विकास कार्य हुए हैं, जिसका असर खेल जगत में भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा राष्ट्रहित, समाजहित और परिवारहित में लगाएं तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें।
“इस बार चांदी को सोने में बदलने का लक्ष्य”
आरबीए अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़ ने कहा कि राजस्थान का बास्केटबॉल अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष इसी वर्ग में राजस्थान की टीम रजत पदक विजेता रही थी और इस बार टीम का लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना है। राठौड़ ने प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है।
20 दिन चला प्रशिक्षण, 24 खिलाड़ियों का चयन
एनडीबीए प्रवक्ता अबरार अली बेरी ने बताया कि पिछले 20 दिनों से डीडवाना में जूनियर वर्ग की दोनों टीमों के 40 खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। इसके बाद अंतिम 12-12 खिलाड़ियों का चयन कर टीम सूची जारी की गई। समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों को किट वितरित कर जीत की शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।
उन्होंने बताया कि राजस्थान टीम इस वर्ग में पिछले वर्ष रजत पदक और उससे पूर्व स्वर्ण पदक जीत चुकी है। महिला टीम की प्रशिक्षक निशा शर्मा और बालक टीम के प्रशिक्षक राकेश विश्नोई टीम के साथ पुडुचेरी रवाना हुए हैं।
“नशा सर्वनाश का बीज है”- साकिर
पूर्व मंत्री साकिर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पंजाब नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और वहां इसे खत्म करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने राजस्थान के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने प्रदेश को इस जहर से बचाए रखें। साकिर ने कहा कि “नशा सर्वनाश का बीज है, जहां यह फैलता है वहां सिर्फ बर्बादी और वीरानी छोड़ता है।”
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि पौधरोपण के दौरान कम से कम दो साल पुराने पौधे लगाने चाहिए ताकि उनके जीवित रहने की संभावना अधिक हो। पेपर लीक मामलों पर उन्होंने कहा कि सरकार सख्ती से कार्रवाई कर रही है और भविष्य में कम्प्यूटरीकृत परीक्षाओं की दिशा में आगे बढ़ना पड़ेगा।
बड़ी संख्या में खेल प्रेमी रहे मौजूद
कार्यक्रम में श्रीकांत क्लब अध्यक्ष नरपत सिंह राठौड़, रामचंद्र तापड़िया, मोहम्मद नईम, गुमान सिंह, अनंत शर्मा, अमजद एच पठान, डॉ. गणेश सैनी, गोविंद गुर्जर, रमाकांत सारस्वत, रघुनाथ प्रसाद, मोहम्मद खान, इमरान खान, एडवोकेट वीपी सिंह, विवेक रंजन सिंह, गुलाब कच्छावा, असलम नेपाली सहित बड़ी संख्या में खेल संगठन के पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
