नागौर जिले की बेटियां अस्मिता लीग 2026 के लिए तैयार — जीत के इरादे से कल होगी रवाना

डीडवाना, UNDER-16 अस्मिता फुटबॉल लीग 2026 में भाग लेने के लिए नागौर जिले की बालिका फुटबॉल टीम गुरुवार सुबह पूरे जोश और उत्साह के साथ राजसमंद के लिए रवाना होगी। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 1 मई से 3 मई 2026 तक राजसमंद जिले में आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेशभर की चुनिंदा टीमें भाग लेंगी।

टीम चयन से पहले जिले के विभिन्न स्थानों—डीडवाना स्थित बलदेव राम मिर्धा स्टेडियम, हीरावती और मकराना में 19 अप्रैल से 24 अप्रैल तक ट्रायल कैंप आयोजित किए गए। इन शिविरों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ता पैनल ने अंतिम टीम का गठन किया।

चयन प्रक्रिया में सैयद सगीर अली, बाबू सईद, हाजी मोहम्मद यूसुफ, सरफराज, सादिक अली, राजेश गढ़वाल और हनीफ गौड़ (जिला सह सचिव) शामिल रहे। टीम के साथ कोच के रूप में अंजू खिलेरी रहेंगी, जो खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगी।

इस बारे में नागौर जिला फुटबॉल संघ के सचिव सैयद फरहत अली ने कहा कि टीम ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी की है। खिलाड़ियों का चयन पूरी पारदर्शिता और प्रदर्शन के आधार पर किया गया है, जिससे टीम में संतुलन और मजबूती बनी हुई है।

पूर्व विधायक एवं नागौर जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष चेतन डूडी ने विश्वास जताते हुए कहा कि नागौर की बेटियां लगातार प्रदेश स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और इस बार भी अस्मिता लीग में जीत दर्ज कर जिले का नाम रोशन करेंगी।

नागौर जिला फुटबॉल संघ में जिला उपाध्यक्ष शबीक़ अहमद उस्मानी ने बताया कि वर्ष 2021 से 2026 तक नागौर की बेटियों ने सीनियर, जूनियर, सब-जूनियर और अंडर-14 प्रतियोगिताओं में लगातार प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी टीम विजयी होकर लौटेगी।

पिछले वर्षों की उपलब्धियां

नागौर की बालिका टीम का प्रदर्शन पिछले कई साल से लगातार प्रभावशाली रहा है—

साल 2021 में भीलवाड़ा में आयोजित सीनियर चैंपियनशिप में द्वितीय स्थान,

2022 में जयपुर में तृतीय स्थान,

2025 में जयपुर में अंडर-14 में प्रथम स्थान,

और झुंझुनूं में अंडर-17 में द्वितीय स्थान हासिल किया।

मारवाड़ हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सोहन चौधरी और पूजा इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक बजरंग सिंह जोधा ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां आज खेलों में नई पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती हैं।

नागौर जिला फुटबॉल संघ से जुड़े पदाधिकारियों—सैयद जाकिर अली, सैयद अरफत अली, रामाकिशन मरोठिया, पन्नाराम सांखला, दुलाराम, सीताराम और सूर्यप्रकाश—ने भी टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि इस बार अस्मिता लीग में नागौर की बेटियां जीत का परचम लहराएंगी।

error: News 1 Rajasthan